सूर्य की स्वर्ण किरणें और अटूट आस्था खरसिया में संपन्न हुआ छठ महापर्व

36 घंटे के कठोर निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर किया पारायण

Lochan Gupta
5 Min Read

खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। प्रकृति, शुचिता और अटूट विश्वास के संगम का प्रतीक चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व ‘छठ’ धार्मिक नगरी खरसिया में पूरी भव्यता, अनुशासन और धार्मिक उल्लास के साथ आज प्रात: काल संपन्न हो गया। उगती हुई सूर्य की स्वर्णकिरणों के साथ ही संपूर्ण खरसिया अंचल सूर्योपासना के आलोक से जगमगा उठा, जहाँ हर ओर छठी मइया के भजनों और मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

भगत तालाब घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

महापर्व के चतुर्थ एवं अंतिम दिवस आज भोर से ही स्थानीय भगत तालाब हनुमान मंदिर के समीप नगर पालिका परिषद द्वारा सुसज्जित एवं स्वच्छ बनाए गए अस्थायी छठ घाट पर श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। अंचल की सर्व समाज की महिलाओं और व्रतधारियों ने पूरी श्रद्धा के साथ उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया। विधि-विधान से सभी पारंपरिक अनुष्ठान, घाट की परिक्रमा और पूजन-अर्चना संपन्न करने के उपरांत व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अपने 36 घंटे के कठिन एवं अनुशासनपूर्ण निर्जला उपवास का सफलतापूर्वक पारायण किया। इस पावन और ऐतिहासिक अवसर पर खरसिया के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, छाया विधायक महेश साहू और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती नीतू अग्रवाल के साथ नगर पालिका के समस्त पार्षदगण, एल्डरमैन एवं शहर के प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। धार्मिक नगरी में साल-दर-साल बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और उनकी अटूट आस्था को सर्वोपरि रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित घोषणा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी छठ पूजा से पूर्व खरसिया में एक भव्य, स्थायी एवं सर्वसुविधायुक्त आधुनिक छठ घाट का निर्माण किया जाएगा, ताकि भविष्य में व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने सभी माताओं, बहनों और क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
छाया विधायक महेश साहू ने भी इस अवसर पर सभी को छठ महापर्व की मंगलमय बधाई देते हुए छठी मइया और भगवान सूर्यनारायण से क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ जीवन और चहुंमुखी समृद्धि की कामना की। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती नीतू अग्रवाल ने भी सभी व्रती महिलाओं और उपस्थित श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। छठ महापर्व – प्रत्यक्ष देवता सूर्यदेव की महिमा और कठिन उपवास का अध्यात्म सनातन संस्कृति और लोक परंपराओं में छठ महापर्व केवल एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अगाध कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे पवित्र और कठोर महापर्व है। यह संसार का एकमात्र ऐसा अनुपम पर्व है, जिसमें अस्त होते सूर्य (अष्टयाम) के साथ-साथ उदय होते सूर्य (उषा अर्घ्य) की वंदना की जाती है।

प्रत्यक्ष देवता सूर्यदेव की अलौकिक महिमा

हिन्दू दर्शन में भगवान सूर्य ही एकमात्र ऐसे प्रत्यक्ष देवता हैं, जो अपनी ऊर्जा और प्रकाश से संसार को निरंतर जीवन प्रदान करते हैं। उनकी आराधना से मनुष्य को आरोग्यता (निरोगी काया), तेज, ओज, यश और सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है। अनुशासन और संयम की पराकाष्ठा सामाजिक समरसता और एकता का संदेश 36 घंटे का निर्जला व्रत छठ व्रत को भारतीय संस्कृति का सबसे कठिन और अनुशासित उपवास माना जाता है। ‘नहाय-खाय और खरना’ के पवित्र चरणों से गुजरने के बाद शुरू होने वाला यह 36 घंटे का निर्जला व्रत, जिसमें अन्न तो दूर जल की एक बूंद भी ग्रहण नहीं की जाती, उच्च कोटि की शारीरिक सहनशक्ति, मानसिक दृढ़ता और आत्मीय शुचिता का प्रतीक है। जाति, वर्ग, ऊंच-नीच और भेद-भाव की सभी दीवारों को तोडक़र यह पर्व समाज को समता के सूत्र में पिरोता है। खरसिया में सर्व समाज की महिलाओं की बढ़-चढक़र सहभागिता ने इस बात को सिद्ध कर दिया कि आस्था जब सामूहिक होती है, तो वह समाज को और अधिक मजबूत बनाती है।

Share This Article