बारूद से जंगली सुअर का शिकार,एक गिरफ्तार, 8-10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में किया था शिकार

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने एक आरोपी को उसके घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर बारूद के गोले से शिकार करने की बात बताई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वन विभाग की उडऩदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया गया है। ग्राम कुकड़ीचोली निवासी विजय राठिया (24) अपने घर में उसका मांस पका रहा है। सूचना मिलते ही उडऩदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो और उनकी टीम मौके पर पहुंची। घर की जांच करने पर विजय राठिया मांस पकाते मिला। टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पका हुआ मांस जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया और खरसिया रेंज कार्यालय लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब 8-10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में बारूद के गोले से जंगली सुअर का शिकार किया था। आरोपी से पूछताछ के बाद उडऩदस्ता की टीम अब उसके साथियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी खरसिया रेंज में शिकार की सूचना मिली थी। उस समय उडऩदस्ता टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत पीओआर दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article