5 करोड़ 62 लाख की तीन ग्रामीण सडक़ों को मिली स्वीकृति, अब गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण ग्रामीण सडक़ों की स्वीकृति मिल गई है। विधायक एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से इन मार्गों के लिए कुल 5 करोड़ 62 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत सडक़ो में कोतासुरा से उमरिया मार्ग – लागत 2 करोड़ 12 लाख रुपये,लंकापाली से गोतमा पहुंच मार्ग – लागत 1 करोड़ 73 लाख रुपये, सकरबोगा – सांपखंड मुख्य मार्ग से कोसमपाली मार्ग – लागत 1 करोड़ 77 लाख रुपये शामिल है। ओपी ने कहा जीवन की मूलभूत आवश्यकता सडक़ भी है। ग्रामीण क्षेत्र में सडक़ सिर्फ आवागमन का साधन नहीं है, यह जीवन की मूलभूत आवश्यकता है। पहुंच विहीन मार्ग की वजह से ग्रामीणों को वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश में कीचड़, बीमार होने पर अस्पताल पहुंचने में देरी, बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई – ये सब समस्याएं सडक़ न होने की वजह से थीं। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि इन मार्गों को पक्का किया जाए। विधायक ओ.पी. चौधरी ने इस मांग को संजीदगी से लिया और शासन से इन मार्गों के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाई। इन सडक़ों के बनने से शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं में बड़ा विस्तार होगा। अब बच्चे आसानी से स्कूल पहुंच सकेंगे, मरीज समय पर अस्पताल पहुंच सकेंगे, किसान अपनी उपज आसानी से मंडी तक ले जा सकेंगे। आवागमन की सुविधा सुगम होने से व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। गांव के छोटे व्यापारी, किसान और युवा अब सीधे मुख्य बाजार से जुड़ सकेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। रायगढ़ के गांव अब पिछड़े नहीं रहेंगे। हर गांव को पक्की सडक़, हर घर तक विकास – यही साय सरकार का संकल्प है।

Share This Article