रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार व कुशासन के कारण खोया जनविश्वास-सीएम साय, लोकतंत्र को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कांग्रेस की राजनीति को जनता दे रही जवाब, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार

Gupta Lochan
8 Min Read

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा में शामिल हुए। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और जनादेश है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक जनता ऐसी राजनीति को भलीभांति समझती है और समय-समय पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देती रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद देश की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन ने देश की प्रगति को बाधित किया। कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली के कारण जनता का उससे विश्वास उठ गया है। आज कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं पर आत्ममंथन करने के बजाय देश में भ्रम और अविश्वास का वातावरण बनाने में लगी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनता का विश्वास हासिल करने के लिए उसके बीच रहकर काम करना पड़ता है, उसकी समस्याओं का समाधान करना पड़ता है और विकास के माध्यम से उसकी आकांक्षाओं को पूरा करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपने लंबे शासनकाल और जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया है। आज देश की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राठिया, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंद बिहारी सिंह, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्री कृष्णा राय, श्री अमर सुल्तानिया, श्री सुनील गुप्ता, श्री भरत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे।

कांग्रेस और इंडी गठबंधन की दोहरी राजनीति से लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा-सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा है कि देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा उन लोगों से है, जिन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बार-बार लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा, विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला और मीडिया की स्वतंत्रता छीन ली, आज वही कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। यह अपने आप में बेहद हास्यास्पद और कांग्रेस की दोहरी राजनीति का परिचायक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आज जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए रवाना होने से पूर्व पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश के प्रति उसके वास्तविक रवैये को उजागर करता है। आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने देश के गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेलों में डालने और प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाने का काम किया। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने कई अवसरों पर संविधान के अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर जनता द्वारा चुनी गई गैर-कांग्रेसी सरकारों को बर्खास्त किया। आज उसी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा लोकतंत्र की दुहाई देना राजनीतिक अवसरवादिता की पराकाष्ठा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता अपनी चुनावी पराजय को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं। कभी वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, कभी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाते हैं और कभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा निर्वाचन आयोग को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दोहरी नीति का सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि जब चुनाव परिणाम उनके पक्ष में आते हैं, तब उन्हें उसी ईवीएम और उसी निर्वाचन आयोग पर पूरा भरोसा होता है, लेकिन जब जनता उन्हें नकार देती है, तो वे अपनी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोडऩे लगते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति यह दोहरा रवैया कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की इसी दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करने तथा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि लोकतंत्र की रक्षा की बात करने वालों का अपना राजनीतिक इतिहास क्या रहा है।

सीबीआई की पूछताछ से सामने आ सकते हैं कई बड़े नाम

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस प्रकरण के मुख्य अभियुक्त सौरभ चंद्राकर को विदेश से लाया गया है। अब सीबीआई उससे पूछताछ करेगी, जिससे इस पूरे मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने संभावना जताई कि जांच के दौरान इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी उजागर हो सकती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को लेकर दिए गए बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अमित जोगी सौरभ चंद्राकर को हीरो बता रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ऐसे बयान संबंधित नेताओं की तुच्छ सोच को स्वयं उजागर करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को हीरो बताने के पीछे कैसी सोच काम कर रही है, इसका आकलन प्रदेश की जनता स्वयं कर सकती है।

Share This Article