आज़ादी के 80 वर्ष बाद भी 21 गांवों में बिजली, पक्की सडक़ का अभाव

क्षेत्र के रहवासी धरने पर, जिला महामंत्री नीतीश बंजारे ने दिया समर्थन

Gupta Lochan
2 Min Read

बिलाईगढ़। विधान सभा के वनांचल क्षेत्र के अनेक ग्रामों में मूलभूत सुविधा नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर सर्व दलीय मंच के बैनर तले 1 नवंबर से ग्राम रवान में धरना प्रदर्शन प्रारंभ हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि – आज़ादी के आठ दशक बाद भी यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। 21 गांवों के ग्रामीण बिजली, पक्की सडक़, सामुदायिक वन अधिकार के लिए तरस रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि,- कई बार शासन- प्रशासन को उनकी जायज मांगों से अवगत कराया गया, किंतु मात्र आश्वासन ही मिला, समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। 21 गांवों में प्रमुख रूप से ग्राम बफरा, भिंभोरी, नवाडीह, गुड़ागढ़, बार, हरदी, मुड़पार, दोंद, पाड़ादाह, आमगांव, लोरीदखार, ढेबी, ढेबा, मोहदा, रवान, कौवाबाहरा, मुरूमडीह, छताल डबरा, रामपुर, झालपानी, फुरफुंदी आदि में आज भी मूलभूत सुविधा का अभाव है। इन्होंने सर्वसम्मति से निर्णय लेकर ग्राम रवान में धरना प्रदर्शन शुरू किया है। धरना प्रदर्शन और लोगों की गंभीर समस्याओं की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नीतीश बंजारे आंदोलन स्थल ग्राम रवान पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए अपना समर्थन दिया और शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Share This Article