खरसिया। पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खरसिया थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती वार्ड नंबर 9 निवासी अजय सिंह ठाकुर को पुरानी रंजिश को लेकर फैजान खान और उसके एक सहयोगी ने साजिश के तहत अजय सिंह ठाकुर को खरसिया बस स्टैंड क्षेत्र में बुलाया था। बताया जा रहा है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने अचानक अजय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान उनकी पीठ पर चाकू से वार किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया। वहीं बताया जा रहा है कि मामले में नामजद आरोपी फैजान खान पूर्व में जे.जे.एल. कपड़ा दुकान संचालक हत्याकांड के मामले में जेल जा चुका है।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह बताया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
खरसिया के व्यस्त बस स्टैंड इलाके में इस तरह चाकूबाजी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब लोगों की नजर पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर टिकी हुई है। फिलहाल घायल अजय ठाकुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

