बीएसएफ की बड़ी पहल, 500 ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात

दुर्गम इलाकों में ग्रामीणों के लिए मददगार बनी बीएसएफ की 94वीं बटालियन, ग्रामीणों की मदद के लिए आगे आए बीएसएफ के जवान

Gupta Lochan
4 Min Read

पखांजूर। नक्सल प्रभावित और दुर्गम इलाकों में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ सीमा सुरक्षा बल ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में बीएसएफ की 94वीं बटालियन की बी कंपनी ने छोटे बेठिया क्षेत्र के बेचाघाट फुटबॉल मैदान में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (सिविक एक्शन प्रोग्राम 2026-27) और विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस पहल के जरिए जहां जरूरतमंद ग्रामीणों को उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई, वहीं सैकड़ों लोगों को उनके गांव के नजदीक ही स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिली।
इस कार्यक्रम में बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष मौजूदगी रही। कार्यक्रम में डीआईजी, सेक्टर मुख्यालय दुर्ग दीपक कुमार तिवारी, 94वीं बटालियन के कमांडेंट रविंदर सिंह चंदेल, द्वितीय कमान अधिकारी (ऑप्स) सुभाष चंद्र ढाका और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश्वर खजुरिया शामिल हुए।इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं को समझने का प्रयास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के साथ सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना को और मजबूत करना रहा। महिलाओं, किसानों और स्कूली बच्चों को मिली सौगात, 500 लोगों की रही भागीदारी बेचाघाट में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों का उत्साह देखने को मिला। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और स्कूली बच्चे पहुंचे। आयोजन में करीब 200 पुरुष, 200 महिलाएं और 100 विद्यार्थियों सहित कुल 500 लोगों ने हिस्सा लिया। बीएसएफ की ओर से किसानों, महिलाओं, स्थानीय खेल क्लबों और विद्यार्थियों को उनकी जरूरतों के अनुरूप विभिन्न उपयोगी सामग्रियां नि:शुल्क वितरित की गईं। इस पहल से ग्रामीणों को सहायता मिलने के साथ बच्चों और युवाओं को शिक्षा तथा खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहन भी मिला।

स्वास्थ्य सुविधाओं से दूर ग्रामीणों के लिए राहत, लगभग 500 मरीजों की हुई जांच

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नि:शुल्क चिकित्सा शिविर रहा। दूरदराज के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच की कठिनाइयों को देखते हुए बीएसएफ ने ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई। शिविर में क्चस्स्न के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश्वर खजुरिया और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदे के मुख्य चिकित्सा अधिकारी जुबेन व्यापारी सहित स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने लगभग 500 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस आयोजन में छोटे बेठिया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक लातेश्वर सूरी, डीआरजी के जवान, छोटे बेठिया की सरपंच सविता नायक, कंधारी की सरपंच मैनी कतलामी तथा अमर ज्योति एवं कंदारी विद्यालयों के प्राचार्य भी उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा बलों की संयुक्त भागीदारी ने कार्यक्रम को ग्रामीणों से सीधे जुडऩे का महत्वपूर्ण अवसर बनाया।

बंदूक के साथ सेवा का संकल्प, ग्रामीणों का भरोसा जीतने की दिशा में बीएसएफ की पहल

बीएसएफ अधिकारियों के अनुसार, बल का दायित्व केवल क्षेत्र की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों की जरूरतों को समझना और उनकी सहायता करना भी महत्वपूर्ण है। नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और दैनिक जरूरतों से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बेचाघाट में आयोजित यह कार्यक्रम सुरक्षा बल और ग्रामीण समाज के बीच बढ़ते सहयोग की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आया। एक ओर क्चस्स्न के जवान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए तैनात हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे सामाजिक आयोजनों के जरिए ग्रामीणों के बीच विश्वास, सहयोग और अपनत्व का संदेश भी दे रहे हैं।

Share This Article