पखांजूर। वर्षों से लंबित मांगों और आर्थिक समस्याओं को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का आक्रोश एक बार फिर सडक़ों पर दिखाई दिया। पखांजूर में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कर्मियों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस दौरान रैली निकालकर शासन के प्रति नाराजगी जताई गई और पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पखांजूर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की अहम भूमिका है। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं की देखभाल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें आज भी सम्मानजनक मानदेय और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
महंगाई की मार और अतिरिक्त कार्यभार से बढ़ी परेशानी
आंगनबाड़ी कर्मियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से लगातार सेवाएं देने के बावजूद सरकार उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं कर पाई है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच सीमित मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल होता जा रहा है। वहीं विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य शासकीय जिम्मेदारियां सौंपे जाने से उन पर काम का दबाव भी बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अतिरिक्त जिम्मेदारियों के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन और मूल विभागीय कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर लागू करने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कर्मियों के कंधों पर है, तो उन्हें उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा से वंचित क्यों रखा जा रहा है?
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार से ठोस निर्णय की मांग
नियमितीकरण और सम्मानजनक मानदेय जैसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। नियमितीकरण होने तक श्रम कानूनों के अनुरूप कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 30 हजार रुपये तथा सहायिकाओं को 25 हजार 500 रुपये मानदेय दिया जाए। एवं बिना आयु सीमा के सीधी पदोन्नति,आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) तथा सहायिकाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर सीधी पदोन्नति दी जाए। पदोन्नति में आयु सीमा की बाध्यता समाप्त की जाए। औऱ सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं जैसे सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी तथा भविष्य निधि (पीएफ) जैसी सुविधाओं का लाभ दिया जाए। एवं अनुकंपा नियुक्ति और सेवानिवृत्ति लाभ,सेवाकाल के दौरान आकस्मिक मृत्यु होने पर आश्रित परिवार के सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। वहीं सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ताओं को 5 लाख रुपये और सहायिकाओं को 3 लाख रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाए। साथ ही मानदेय में वार्षिक वृद्धि,जैसे मध्यप्रदेश की तर्ज पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में प्रतिवर्ष 1,000 रुपये की वृद्धि की जाए, ताकि बढ़ती महंगाई से आर्थिक राहत मिल सके।
मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशभर में तालाबंदी की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की होगी।्र प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका संघर्ष केवल मानदेय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से सेवा दे रही आंगनबाड़ी कर्मियों के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र ठोस निर्णय लेने की अपील की। इस धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष सोनाली हालदार, ब्लॉक सचिव पिंकी दत्ता, ब्लॉक कोषाध्यक्ष जूयिका राय, संरक्षक ममता मंडल एवं रीता दास, संयोजक दीप्ति मंडल एवं जानाबी साहा, उपाध्यक्ष प्रणिता बागची एवं दीपाली मंडल तथा सहसचिव पुष्पा कर्मकार प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
वहीं विभिन्न सेक्टरों से हरनगढ़ की ममता मंडल, कापसी की अर्चना बाछाड़, बडग़ांव की कविता शर्मा, गोंडाहूर की सुलता सरकार, संगम की रीता दास, पानावार की लीला विश्वास, मायापुर की संगीता गाईन, बांदे की सोनाली/माला, परबांजूर की पुष्पा कर्मकार, इंद्रप्रस्थ की जूयिका राय, रेंगाबाही की अर्चना विश्वास, बारदा की बीना दास, कोरेनार की अपराजिता मंडल, विवेकनगर की नीता हालदार तथा बेचाघाट की रंजिता राय शामिल रहीं। इसके अलावा अर्चना सरकार, अनिता दत्ता बनिक, सुधा सरकार, नमिता मल्लिक, ज्योत्सना बनिक, अंजली मिस्त्री सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने प्रदर्शन में भाग लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

