रायगढ़। जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को थैले में गांजा ले जाते पकड़ा। पूछताछ के बाद उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति थैला में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव पुलिस टीम के साथ ग्राम बिंजकोट मेन रोड पहुंचे और घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को थैला लेकर आते देखा। उसे रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम धनेश्वर कुम्हार (62), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा बताया। पुलिस ने उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें 4 किलो से ज्यादा गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा बेचने के लिए ले जा रहा था। जांच के दौरान धनेश्वर ने गांजे की खरीदी-बिक्री में ग्राम दर्रामुड़ा के ठाकुर प्रसाद पटेल (39) का नाम भी बताया। पुलिस ने उसे भी मामले में शामिल पाया। पुलिस ने ठाकुर प्रसाद पटेल को भी हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की। पूछताछ में उसने भी गांजे की खरीदी-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। भूपदेवपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
60 हजार के गांजा के साथ दो गिरफ्तार, थैला में लेकर जाते समय पकड़ा

