दीपावली पर्व को लेकर ट्रेनों में बढ़ी भीड़, यात्री परेशान

स्लीपर, एसी के बाद अब जनरल डिब्बों में भी शुरू हुई धक्का-मुक्की

Gupta Lochan
5 Min Read

रायगढ़. दीपावली पर्व के कारण यात्री ट्रेनों में अपूर्व भीड़ देखी जा रही है। त्योहार मनाने अपने घर जाने वाले और वापस लौटने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। अधिकांश ट्रेनों के स्लीपर और एसी बोगी पहले से ही आरक्षित हैं और पूरी तरह से भरे हुए हैं। अब स्थिति यह हो गई है कि सामान्य (जनरल) बोगियों में भी पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है।
उल्लेखनिय है कि अब दीपावली पर्व के लिए चार दिन शेष रह गया है, ऐसे में घर से दूर रहकर काम करने वाले लोग अब अपने गांव लौटने लगे हैं, इसके चलते इन दिनों टे्रनों में भीड़ बढ़ गई है। वहीं जिनका टिकट कंफर्म है वे तो आराम से जा रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों का टिकट कंफर्म नहीं होने से उनकी समस्या बढ़ गई है। खास तौर पर लंबी दूरी की ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची ज्यादा ही लंबी है। इससे जनरल बोगी में सफर करने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में अब जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंचती है, यात्री डिब्बों में चढऩे के लिए धक्का-मुक्की करने लगते हैं। इस आपाधापी में कई यात्री तो किसी तरह ट्रेन में जगह बना लेते हैं, लेकिन कई यात्रियों को जगह न मिलने के कारण मायूस होकर पीछे आने वाली ट्रेन का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और ऊर्जा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। विशेषकर बच्चों और वृद्धों के साथ सफर करने वाले परिवारों को सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति दैनिक यात्रियों और दूरदराज के इलाकों में जाने वाले लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। ट्रेनों में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए अब लोग सुबह से ही स्टेशन पहुंच जा रहे हैं, और जनरल टिकट लेकर काफी मशक्कत के बाद ट्रेन में चढ़ पा रहे हैं। क्योंकि अब जनरल बोगी के अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं होने के कारण काफी दिक्कतें हो रही है। इस दौरान सबसे अधिक वेटिंग बिहार, झारखंड, दिल्ली, कोलकाता, महाराष्ट्र, गुजरात की ओर जाने वाली ट्रेनों में देखी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दीपावली पर्व नजदीक होने के कारण जिले के प्लांटों काम करने वाले श्रमिक अपने पत्नी व बच्चों को लेकर लगातार रवाना हो रहे हैं, लेकिन जो भी ट्रेने आ रही है वह पहले से ही पैक रहती है। इससे धक्का-मुक्की कर चढऩे की इनकी मजबूरी बन गई है। वहीं ट्रेन में चढऩे के बाद भी महिलाओं व बच्चों को पूरी सफर में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में साउथ बिहार एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि इस ट्रेन का जनरल बोगी विगत तीन दिनों से पैक चल रही है, इससे जनरल का टिकट लेकर स्लीपर बोगी में चढ़ रहे हैं, साथ ही कई यात्री तो महिला बोगी में भी चढ़ जा रहे हैं, जिससे जांच के दौरान भारी-भरकम जुर्माना भी पटाना पटना पड़ रहा है, इससे त्यौहारी सीजन में सफर करना मुश्किल हो गया है।

प्लेटफार्म पर पूरे दिन लग रही भीड़

गौरतलब हो कि मंगलवार को प्लेटफार्म यात्रियों से अटा पड़ा था, इस दौरान ज्यादातर यात्री दीपावली व छठ पूजा में जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, जैसे ही साउथ बिहार एक्सप्रेस स्टेशन पहुंची तो लोग दौड़ पड़े थे, जिससे कुछ लोग ट्रेन में चढ़ पाए तो कुछ को जगह नहीं मिली, ऐसे में उसके पीछे आ रही ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। वहीं भीड़ को देखते हुए अब आरपीएफ व जीआरपी भी पूरी मुस्तैदी से यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने के लिए लगे हुए हैं, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो सके। ऐसे में प्लेटफार्म पर ट्रेन आते ही जवान यात्रियों को सुरक्षित चढ़ाने के लिए मशक्कत करते नजर आ रहे हैं।

Share This Article