रायगढ़। शेयर ट्रेडिंग के नाम पर डॉक्टर से 34.17 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी रईस खान (31) को इंदौर के कावेरी परिसर से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे इंदौर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रायगढ़ पहुंचाया है। इससे पहले इस गिरोह के 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 27 मई को सोनकरपारा, जूटमिल निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में मोबाइल के जरिए उनका संपर्क सुनील नाम के व्यक्ति से हुआ था। उसने शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर ज्यादा मुनाफा मिलने का लालच देकर स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश करने के लिए कहा। व्हाट्सऐप पर कंपनी का पोर्टफोलियो भेजकर उन्हें भरोसा दिलाया गया कि निवेश पर अच्छा लाभ मिलेगा। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दूसरे लोगों ने भी उनसे संपर्क किया और निवेश के लिए प्रेरित किया। 28 अप्रैल 2025 से 3 अप्रैल 2026 के बीच डॉक्टर से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 34 लाख 17 हजार 531 रुपए जमा कराए गए। शुरुआत में पोर्टफोलियो में मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा, लेकिन जब डॉक्टर ने रकम निकालने की कोशिश की तो पैसे वापस नहीं मिले। उल्टे उनसे और निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत की।
पहले 3 आरोपियों को इंदौर से पकड़ा था
शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में ज्योति मालवीय के नाम पर पंजीकृत मोबाइल नंबर से ठगी की कडिय़ां जुड़ीं। पता चला कि ज्योति के नाम पर 23 अन्य मोबाइल सिम भी संचालित हो रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर के पलासिया क्षेत्र स्थित एक कॉल सेंटर में दबिश देकर तनिषा पाटिल को गिरफ्तार किया। फिर विजय नगर से ज्योति मालवीय और उसकी जानकारी के आधार पर परदेशीपुरा से तरुण नागर को पकड़ा गया। पूछताछ में ज्योति ने अपने आधार कार्ड से जारी सिम कार्ड गिरोह को देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि तरुण नागर के संपर्क में रहकर करीब 100 से 150 सिम कार्ड गिरोह को उपलब्ध कराए थे।
सिम से लेकर निवेश की एडवाइजरी तक देता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, तनिषा पाटिल ने भी गिरोह को सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। वहीं रईस खान सिम कार्ड जुटाने से लेकर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को निवेश की सलाह देने का काम करता था। इसी कड़ी में पुलिस ने उसे इंदौर के कावेरी परिसर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में रईस खान ने बताया कि, वह करीब दो साल से इंदौर में रहकर शेयर मार्केट में एडवाइजरी का काम कर रहा था। वह मुंबई मुख्यालय वाली एक शेयर मार्केट ब्रोकिंग कंपनी में सब-ब्रोकर के रूप में काम कर रहा था। उसके मुताबिक, ट्रेडिंग अकाउंट में पैसा लगाकर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से निवेश कराया जाता था।
डॉक्टर को 4 बार फोन कर निवेश के लिए कहा
पुलिस के अनुसार, रईस खान ने 24 जून 2025 को डॉ. दिलीप मिश्रा को चार बार फोन किया था। उसने डीमैट अकाउंट खुलवाने और शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इसके बाद डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। आरोपी ने बताया कि एडवाइजरी के काम के लिए उसे कई मोबाइल सिम कार्ड की जरूरत पड़ती थी। इसके लिए उसने तरुण नागर से करीब 100 से 150 सिम खरीदे थे। इन्हीं नंबरों से लोगों को फोन कर डीमैट अकाउंट खुलवाने और ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कराया जाता था।
कार और मोबाइल समेत लाखों का सामान जब्त
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ठगी से मिली रकम से नवंबर 2025 में टाटा नेक्सॉन कार खरीदी थी। इसके अलावा उसने मोबाइल और लैपटॉप भी खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार, एक लैपटॉप, वनप्लस और रियलमी समेत 3 मोबाइल फोन, 2 एटीएम कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और 1 लाख 39 हजार 500 रुपए जब्त किए हैं।
एसएसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर ठग शेयर ट्रेडिंग और निवेश में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से अनजान व्यक्तियों के कहने पर निवेश नहीं करने और बिना जांच-पड़ताल किसी को बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या मोबाइल सिम नहीं देने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा है।

