भगवान चित्रगुप्त महाराज की जयंती पर 11 को कुनकुरी में होगा भव्य आयोजन

पूजा-अर्चना के साथ सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और पारिवारिक आत्मीयता का दिया जाएगा संदेश, विधि-विधान से होगी पूजा-अर्चना, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारिवारिक मिलन का दिखेगा अनूठा संगम

Gupta Lochan
3 Min Read

नारायणपुर। कायस्थ समाज की आराधना, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की पूजा-अर्चना को लेकर कुनकुरी में भव्य आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। कायस्थ समाज कल्याण समिति, कुनकुरी के तत्वावधान में आगामी 11 नवंबर 2026, बुधवार को कार्तिक मास की द्वितीया तिथि के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त महाराज की पूजा एवं सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किए जाएंगे। आयोजन कुनकुरी के मंगल भवन में संपन्न होगा।
भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज को धर्मराज का लेखा-जोखा रखने वाला तथा मनुष्य के कर्मों का लेखा रखने वाला देवता माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वे मनुष्य के अच्छे-बुरे कर्मों का निष्पक्ष लेखा-जोखा रखते हैं। उनकी पूजा हमें सत्य, न्याय, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। चित्रगुप्त पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपने कर्मों के प्रति जवाबदेही और जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश भी देती है।
कायस्थ समाज में भगवान चित्रगुप्त महाराज की आराधना का विशेष महत्व है। इस दिन कलम और दवात की पूजा करने की परंपरा भी रही है, जो ज्ञान, शिक्षा, लेखन, बुद्धिमत्ता और जिम्मेदारी का प्रतीक मानी जाती है। यह पर्व समाज को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩे के साथ नई पीढ़ी को संस्कार, शिक्षा और नैतिकता का महत्व समझाने का अवसर भी प्रदान करता है।
समिति द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में शाम से ही धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू होगा। भगवान चित्रगुप्त महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वरिष्ठजनों का सम्मान, नए सदस्यों का परिचय, विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण जैसे आयोजन होंगे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्नेह भोज के साथ किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे, एकजुटता, सहयोग और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना भी है। ऐसे आयोजन समाज की परंपराओं को जीवंत रखने के साथ परिवारों के बीच आत्मीयता बढ़ाने और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Share This Article