Blog

  • भटगांव में 50 दुकानों के निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप तालाब पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन पर उठे सवाल

    भटगांव में 50 दुकानों के निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप तालाब पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन पर उठे सवाल

    सारंगढ़। नपं भटगांव में बड़े तालाब के किनारे निर्माणाधीन 50 दुकानों के व्यवसायिक परिसर को लेकर विवाद गहरा गया है। लगभग 1 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस परिसर में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और तालाब की जमीन पाटे जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। अब यह मामला तालाबों के संरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन से भी जुड़ गया है। राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुनम पांडे का आरोप है कि दुकानों के निर्माण में नियमों की अनदेखी की गई है। बड़े तालाब के किनारे की जमीन को पाटकर निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने राजस्व विभाग सहित जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कथित मिलीभगत और आर्थिक अनियमितताओं की जांच की मांग की है।

    तालाब पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश क्या कहता है

    सुप्रीम कोर्ट ने अपने कई महत्वपूर्ण फैसलों में तालाब, पोखर, झील और अन्य जल स्रोतों को सार्वजनिक धरोहर माना है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि – जल स्रोतों की जमीन पर अतिक्रमण, पाटना या उसका व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जा सकता। राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों को निर्देश है कि वे सभी तालाबों का सीमांकन कराएं, अतिक्रमण हटाएं और जल स्रोतों को उनके मूल स्वरूप में संरक्षित रखें। सुप्रीम कोर्ट का यह भी निर्देश है कि – तालाब की जमीन को किसी अन्य प्रयोजन के लिए आवंटित या परिवर्तित नहीं किया जा सकता, भले ही वह जमीन राजस्व अभिलेखों में किसी अन्य मद में दर्ज क्यों न हो। यदि किसी निर्माण से तालाब का कैचमेंट एरिया, जलभराव क्षमता या प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित होता है, तो उसे भी अतिक्रमण माना जाएगा। भटगांव के मामले में भी यही सवाल उठ रहा है कि – क्या बड़े तालाब का सीमांकन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार कराया गया है ? क्या निर्माण से तालाब का क्षेत्रफल घटा है ? क्या तालाब के किनारे की जमीन को पाटा गया है ? यदि ऐसा हुआ है, तो यह सीधे तौर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना मानी जाएगी

    अध्यक्ष पर अभद्र व्यवहार का आरोप, थाने में शिकायत

    मानव अधिकार आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुनम पांडे का कहना है कि – जब वे टीम के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पहुंचीं, तब नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने उनके साथ कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार किया। इसके बाद संगठन की टीम भटगांव थाने पहुंची और अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की। मानव अधिकार आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पांडे भी आपे से बाहर हो गई उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं अन्य मंत्रियों के बारे में भी बेतुका बयान दी। जिससे प्रदेश के राजनेता एवम् राजनीतिक अस्मिता और पहचान पर सवालिया निशान लग गया।

    सीएमओ ने दी सफाई

    मामले में सीएमओ ने बताया कि व्यवसायिक परिसर का निर्माण कलेक्टर द्वारा विधिवत आवंटित जमीन पर ही कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर घास-मटकी एवं अन्य जमीन का हिस्सा भी शेष है। दुकानें सडक़ से लगभग 16 मीटर की दूरी पर हैं। पूरे परिसर का निर्माण लगभग 1.49 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। अब सवाल है कि- क्या जिला प्रशासन सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत तालाब के वास्तविक क्षेत्रफल राजस्व अभिलेखों का मिलान कर निष्पक्ष सीमांकन कराएगा और 1.49 करोड़ के निर्माण का तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट होगा। नगरवासियों को अब प्रशासन की जांच और कार्रवाई का इंतजार है।

  • श्याम बाबा सहित सभी देवी-देवताओं को दिया गया 48वें श्री श्याम महोत्सव का प्रथम निमंत्रण

    श्याम बाबा सहित सभी देवी-देवताओं को दिया गया 48वें श्री श्याम महोत्सव का प्रथम निमंत्रण

    रायगढ़। श्री श्याम मंडल, रायगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष कार्तिक मास की एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक एवं भव्य श्री श्याम महोत्सव इस वर्ष भी पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष 48वें श्री श्याम महोत्सव का चार दिवसीय आयोजन 18 से 21 नवंबर तक किया जाएगा। महोत्सव को लेकर श्री श्याम मंडल के सदस्यों एवं श्याम प्रेमियों में खासा उत्साह है। इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल (लेंध्रा) ने बताया कि श्री श्याम बाबा की असीम कृपा एवं मंडल के सभी सदस्यों के सकारात्मक सहयोग से इस वर्ष भी 48वें श्री श्याम महोत्सव का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। आयोजन को सफल एवं यादगार बनाने के लिए मंडल के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे।

    भजन-कीर्तन के साथ बाबा को दिया गया प्रथम निमंत्रण

    अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने बताया कि 5 नवंबर को एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें आयोजन समिति के सभी सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस भक्तिमय आयोजन के दौरान आगामी 18 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले 48वें श्री श्याम महोत्सव के लिए धार्मिक परंपरा के अनुसार सर्वप्रथम श्री श्याम बाबा सहित सभी देवी-देवताओं को श्रद्धापूर्वक प्रथम निमंत्रण अर्पित किया गया। मंडल की परंपरा के अनुसार किसी भी शुभ एवं मांगलिक आयोजन का पहला निमंत्रण आराध्य देवी-देवताओं को समर्पित किया जाता है। इसके पश्चात समाज के गणमान्य नागरिकों एवं श्याम प्रेमियों को महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

    10 नवंबर को अन्नकूट एवं दीपावली मिलन समारोह

    श्री अग्रवाल ने बताया कि श्री श्याम मंडल द्वारा 10 नवंबर को श्री श्याम मंदिर में अन्नकूट एवं दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। अन्नकूट कार्यक्रम प्रात: 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक तथा दीपावली मिलन समारोह रात्रि 8:00 बजे से 10:00 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर समस्त श्याम प्रेमियों को सपरिवार सादर आमंत्रित करते हुए उन्होंने आग्रह किया कि सभी श्रद्धालु अपनी उपस्थिति प्रदान कर अन्नकूट प्रसाद ग्रहण करें एवं दीपावली मिलन समारोह में सम्मिलित होकर आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के इस पर्व की खुशियां साझा करें।
    महोत्सव की तैयारियों में जुटी पूरी टीम 48वें श्री श्याम महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के लिए मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुट गए हैं। इनमें अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल (लेंध्रा), उपाध्यक्ष मुकेश गोयल, सचिव आनंद गर्ग , कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल (गोलू), सहसचिव जयप्रकाश गोयल सहित कार्यकारिणी सदस्य अनिल गर्ग, दीपक गर्ग, महेश सिंघानिया, दीपक नागर, संजय कोसा, सचिन बंसल, पंकज अग्रवाल, सुनील बंसल, संजय अग्रवाल, मनोज बेरीवाल, हरविलास अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, नरेंद्र टिंकू, गजेंद्र गर्ग, पवन शर्मा (आरटीओ), राजेश गोयल, नवीन अग्रवाल, मनोज होंडा, अमित जिंदल, कमल आसाराम, लक्ष्मी नारायण शर्मा, शिव थवाईत एवं राहुल अग्रवाल सहित समस्त श्याम प्रेमी आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दे रहे हैं।

  • श्री सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महा रुद्राभिषेक आयोजन को लेकर प्रथम बैठक संपन्न

    श्री सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महा रुद्राभिषेक आयोजन को लेकर प्रथम बैठक संपन्न

    रायगढ़। श्री सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महा रुद्राभिषेक के भव्य एवं पावन धार्मिक आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से विगत 4 नवंबर बुधवार को पंचायती धर्मशाला, रेलवे स्टेशन के सामने प्रथम बैठक आयोजित की गई।
    बैठक में नगर के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, शिवभक्तों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। बैठक के दौरान आयोजन को भव्य, दिव्य एवं सफल बनाने के संबंध में सभी उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण विचार, सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रस्तुत किए।
    सभी ने एकमत होकर इस धार्मिक आयोजन को श्रद्धा, भक्ति एवं सामाजिक सहभागिता के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में आयोजन की आगामी रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति की ओर से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं शिवभक्तों से इस पावन धार्मिक कार्य में तन-मन- से सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। यह आयोजन भगवान भोलेनाथ की आराधना, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार एवं जनमानस में धार्मिक चेतना जागृत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजक पार्थिव शिवलिंग महा रुद्राभिषेक सेवा समिति, रायगढ़ हैं। वहीं बैठक में सुरेश गोयल, श्रीमती मधुलता पटेल, श्रीमती संगीता आनंद शर्मा, यादराम साहू, कुंदन देहरी, अजय खत्री, श्रवण सिंह सिदार, पं अश्विनी शर्मा, आदित्य शर्मा, सतपाल सिंह बग्गा, नरेश कुमार पटेल, प्रदीप कुमार श्रृंगी, प्रतीक अग्रवाल, बलबीर शर्मा, प्रकाश शर्मा, सोनू गुप्ता, नंदकिशोर यादव, रवि शर्मा, विश्वजीत बेहरा, सौरभ नामदेव, अनुराग मित्तल, पावन अग्रवाल, दीपमाला गुप्ता, राखी बोहिदार, उमा उपाध्याय,दीपमाला महंत, निशा शर्मा, रमा साहनी, रंजू पांडेय, नंदिनी गोयल, शैलेष माली, अनिल कुमार यादव, विजय वीरभान, महावीर अग्रवाल, अमित शर्मा, नरेंद्र ठेठवार, बबलू गुप्ता सहित सभी सदस्यग जुटे हैं।

  • बच्चों को दिया गया दीपावली महापर्व पर पटाखे एवं मिठाई का उपहार

    बच्चों को दिया गया दीपावली महापर्व पर पटाखे एवं मिठाई का उपहार

    रायगढ़। शिक्षिका रीता श्रीवास्तव ने प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बच्चों को पटाखे एवं मिठाई का उपहार दिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के लिए दीपावली के शुभ अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर सभी बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएँ दी गईं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। सभी बच्चों को मिठाइयों का वितरण किया गया। बच्चों को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने की सीख दी गई। बच्चों को सुरक्षित पटाखों के प्रति जागरूक किया गया। पर्यावरण को स्वच्छ रखने और ध्वनि प्रदूषण से बचने का संदेश दिया गया।शिक्षकों ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं एवं मिठाई एवं उपहार पाकर बच्चे बहुत प्रसन्न हुए। यह कार्यक्रम बच्चों के लिए यादगार और आनंदमय रहा। बच्चों ने बनाये इको फ्रेंडली दीये–इसी तरह बच्चों ने शिक्षिका श्रीमती रीता श्रीवास्तव ने गोबर, फूल-पत्तों और कपूर का उपयोग करके बच्चों को दिए बनाना एवम उन्हें सजाना सिखाया।दीये बनाने के लिए बच्चों ने बड़े उत्साह और रुचि से भाग लिया।बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन दीयों को आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगे फूलों और पत्तियों से सजाया गया।बच्चों ने पर्यावरण के अनुकूल दीये बनाने का महत्व सीखा। इस गतिविधि से बच्चों को प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग की जानकारी मिली।बच्चों ने मिल-जुलकर कार्य करना और नई चीजें बनाना सीखा।इस गतिविधि से बच्चों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हुई। सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुंदर दीयों का निर्माण किया।

  • सीएम साय ने खोला नौकरी का पिटारा, 1,703 पदों पर भर्ती

    सीएम साय ने खोला नौकरी का पिटारा, 1,703 पदों पर भर्ती

    रायपुर/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार का बड़ा अवसर दिया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न विभागों के 1,703 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। मंडल द्वारा इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।

    भर्ती में सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद, सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद शामिल हैं।
    ऑनलाइन आवेदन 5 नवम्बर से शुरू हो गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवम्बर 2026, शाम 5 बजे तक है। आवेदन में त्रुटि सुधार 28 से 30 नवम्बर तक शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा।
    लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा पांच संभागीय मुख्यालयों में होगी। छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों, जो परीक्षा में उपस्थित होंगे, को परीक्षा शुल्क नियमानुसार उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे शुल्क का भुगतान किया गया है। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए अभ्यर्थी मंडल की वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।

     

     

  • मोदी की गारंटी, साय सरकार का संकल्प, दीपावली पर 4670 परिवारों को पक्के घर की सौगात

    मोदी की गारंटी, साय सरकार का संकल्प, दीपावली पर 4670 परिवारों को पक्के घर की सौगात

    रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की प्रतिबद्धता से प्रदेश के शहरी जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। दीपावली के शुभ अवसर पर भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) घटक के अंतर्गत 4670 नए आवासों की स्वीकृति प्रदान की है। प्रदेश के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में यह मंजूरी दीपावली की सौगात बनकर आई है।
    इस नवीन स्वीकृति से पूर्व भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) घटक के अंतर्गत 55 हजार 953 हितग्राहियों तथा भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटक के अंतर्गत 15 हजार 463 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किए जा चुके थे। इस प्रकार दोनों घटकों में पहले ही कुल 71 हजार 416 आवासों को मंजूरी मिल चुकी थी। अब 4670 नए आवासों की स्वीकृति के साथ बीएलसी घटक में स्वीकृत आवासों की संख्या बढक़र 60 हजार 623 हो गई है। एएचपी घटक के 15 हजार 463 आवासों को मिलाकर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के इन दोनों घटकों के अंतर्गत अब तक कुल 76 हजार 086 हितग्राहियों के आवासों को भारत सरकार की मंजूरी मिल चुकी है।
    संवेदनशीलता के साथ शहरी गरीब परिवारों के लिए इन आवासों की मंजूरी गरीब कल्याण को प्राथमिकता देने वाली डबल इंजन सरकार के संकल्प को रेखांकित करती है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से अपने पक्के घर की उम्मीद संजोए हजारों परिवारों के सपनों को नई मजबूती मिल रही है।

    हर पात्र परिवार को मिलेगा पक्का घर-सीएम साय

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवीन आवासों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को छत्तीसगढ़ में तेजी से साकार किया जा रहा है। उन्होंने सभी नए लाभार्थी परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि 4670 नए आवासों की स्वीकृति से हजारों शहरी गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा होगा। राज्य सरकार हर पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली पर मिली यह सौगात उन परिवारों के लिए विशेष महत्व रखती है, जो अपने घर के आंगन में खुशियों के दीप जलाने का सपना संजोए हुए हैं। आवास की स्वीकृति उनके लिए केवल मकान निर्माण का अवसर नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में बढ़ता कदम है।

    हर शहरी गरीब को मिलेगा अपना आशियाना-डिप्टी सीएम साव


    उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस स्वीकृति को नगरीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी हितग्राही परिवारों को बधाई दी है। उन्होंने संबंधित सभी 84 नगरीय निकायों को हितग्राहियों के आवास निर्माण में हर संभव सहयोग प्रदान करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के हर शहरी गरीब को अपना घर मिले, यही राज्य सरकार का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयास, प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों के अपने आशियाने की उम्मीद को आगे बढ़ा रहे हैं। दीपावली पर बड़ी संख्या में नए आवासों की स्वीकृति इसी प्रतिबद्धता का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है—ताकि आने वाले समय में इन परिवारों के अपने पक्के घरों में भी खुशियों के दीप जगमगाएं।

  • महेंद्र सिंह यादव बने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष

    महेंद्र सिंह यादव बने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष

    रायगढ़। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में महेंद्र सिंह यादव ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए 54 मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त दी। गुरुवार को छह राउंड में पूरी हुई मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और ग्रंथालय सचिव पदों पर भी नए पदाधिकारियों का निर्वाचन हुआ, जबकि कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। परिणाम घोषित होते ही बार एसोसिएशन में जश्न का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
    रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की मतगणना गुरुवार को पूरी हुई। सुबह 11 बजे शुरू हुई गिनती 6 राउंड में पूरी हुई। अध्यक्ष पद पर महेंद्र सिंह यादव ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 54 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। उन्हें कुल 265 वोट मिले। वहीं उपाध्यक्ष, सचिव और अन्य पदों पर भी प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। कुछ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार शर्मा ने 388 वोट हासिल किए। उन्होंने 188 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष कनिष्ठ महिला पद पर विमला महंत को 367 वोट मिले। वे 148 वोटों से निर्वाचित हुईं। सचिव पद पर जय कुमार मालाकार ने 215 वोट हासिल कर 87 वोटों से जीत दर्ज की। सह सचिव पद पर भावेश स्वर्णकार को 458 वोट मिले। उन्होंने 326 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

    कोषाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव निर्विरोध निर्वाचित

    कोषाध्यक्ष पद पर शकुंतला चौहान निर्विरोध निर्वाचित हुईं। सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर गोपीराम यादव को भी निर्विरोध चुना गया। ग्रंथालय सचिव पद पर कौशल सिंह राजपूत को 366 वोट मिले। उन्होंने 145 वोटों से जीत दर्ज की।

    कार्यकारिणी सदस्य पदों पर ये हुए निर्वाचित

    कार्यकारिणी सदस्य के महिला आरक्षित दो पदों पर दीप निराला को 311 और काजल सिंह पैंकरा को 365 वोट मिले। दोनों निर्वाचित हुईं। वहीं कार्यकारिणी सदस्य महिला अनारक्षित के चार पदों पर अहिल्या गुप्ता, प्रीति महंत, प्रवीण कुमार साहू और शकुंतला विश्वकर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुईं।

    जीत के बाद बार एसोसिएशन में जश्न

    चुनाव प्रक्रिया को पूरा कराने में मुख्य निर्वाचन अधिकारी बंशीधर गुरु, सहायक निर्वाचन अधिकारी शिशिर वर्मा और लोकनाथ नंदे, उप निर्वाचन अधिकारी किशोर थवाईत, मनोज पटनायक, राजेश मेहर और शरद बेरीवाल की भूमिका रही। रिजल्ट घोषित होने के बाद बार एसोसिएशन में उत्साह का माहौल रहा। अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

    ‘अध्यक्ष पद मेरे लिए सेवा का अवसर’

    नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि अध्यक्ष बनना उनके लिए कोई उपलब्धि नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। वे इस पद पर सेवा करने के उद्देश्य से आए हैं और अधिवक्ता संघ ने उन्हें जितना मौका दिया है, उसका पूरा उपयोग करेंगे।

  • वृद्ध महिला से मारपीट कर लूटपाट, उधार के 4500 रुपए नहीं मिले तो बनाई प्लानिंग

    वृद्ध महिला से मारपीट कर लूटपाट, उधार के 4500 रुपए नहीं मिले तो बनाई प्लानिंग

    रायगढ़। जिले में घर में अकेली रहने वाली 62 साल के बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपी रात में घर में घुसा और आलमारी, संदूक से नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गया। उधार के 4,500 रुपए नहीं मिलने पर उसने लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
    मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। दरअसल, ग्राम बड़े देवगांव निवासी रामबाई साहू (62) ने 1 नवंबर को अपने दोनों बेटों और बहू के साथ खरसिया थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह अपने घर के कमरे में सो रही थीं। रात करीब डेढ़ बजे नींद खुली तो देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति घर की आलमारी से सामान निकाल रहा था। रामबाई ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर वार कर दिया। इसके बाद आलमारी और संदूक में रखे 30 हजार रुपए नकद, करीब 40 तोला चांदी और 2 तोला सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
    जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीडि़ता सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पता चला कि घटना की रात ग्राम बड़े देवगांव में डेमलाल उरांव के घर ग्राम बोरदी से आया नागेश गवेल (29) मौजूद था। उसका हुलिया संदिग्ध पाया गया। पुलिस ने नागेश कुमार गवेल की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर लूटपाट करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 31 अक्टूबर की रात वह अपनी डिस्कवर मोटरसाइकिल से डेमलाल उरांव के घर 4,500 रुपए उधार मांगने गया था। पैसे नहीं मिलने पर वह वहां से लौट आया। इसके बाद मेन रोड स्थित सामुदायिक भवन के पास उसने लूटपाट की योजना बनाई। आरोपी को जानकारी थी कि ग्राम बड़े देवगांव में रामबाई साहू अकेली रहती हैं और उनके घर में पुट्टी-पोताई का काम चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर वह रात में घर के गेट पर चढक़र अंदर घुस गया। उसने हथौड़ी से आलमारी और संदूक तोडक़र नकदी व जेवरात निकालने शुरू किए। इसी दौरान संदूक की आवाज सुनकर महिला जाग गई और उसे पकडऩे की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने बांस के डंडे से उनके सिर और दोनों हाथों पर वार किया। इसके बाद नकदी और जेवरात लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
    हथौड़ी, डंडा और मोटरसाइकिल जब्त
    पुलिस ने आरोपी के पास से 3 हजार रुपए नकद बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा और हथौड़ी बोरदी मोड़ मेन रोड के पास झाडिय़ों से बरामद की गई। वहीं, डिस्कवर मोटरसाइकिल आरोपी के घर से जब्त की गई। आरोपी ने बाकी 25 हजार रुपए, 2 तोला सोना और 40 तोला चांदी नरवा मुक्तिधाम के पास एक पेड़ के नजदीक छिपाने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बताए गए स्थान पर तलाश की, लेकिन बाकी सामान बरामद नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
    महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा प्राथमिकता-एसएसपी
    एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

  • दीपावली से पहले 3 होटलों में खाद्य विभाग की दबिश, लिए गए 7 सैंपल

    दीपावली से पहले 3 होटलों में खाद्य विभाग की दबिश, लिए गए 7 सैंपल

    रायगढ़। दीपावली त्योहार से पहले खाद्य सामग्री में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शहर के होटलों में निरीक्षण अभियान शुरू किया है। बुधवार को विभाग की टीम ने तीन होटलों का निरीक्षण कर मिठाई और नमकीन सहित खाद्य सामग्री के सात नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
    निरीक्षण के दौरान टीम सबसे पहले रामनिवास टॉकीज रोड स्थित तुलसी होटल पहुंची। यहां साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसन पापड़ी, नारियल बर्फी और केसर पेड़ा के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने बोइरदादर रोड स्थित मिथिला रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जहां से कलाकंद और कुंदा के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए। इसी क्रम में सत्तीगुड़ी चौक स्थित बिकानेर रेस्टोरेंट से बेसन लड्डू और गठिया नमकीन के नमूने लिए गए। इस तरह तीनों प्रतिष्ठानों से कुल सात नमूने एकत्र कर गुणवत्ता जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी साफ-सफाई में कमी पाई गई, वहां प्रतिष्ठान संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और जरूरी व्यवस्थाएं बनाए रखने पर जोर दिया।

  • अवैध पटाखा दुकान पर गिरी प्रशासन की गाज

    अवैध पटाखा दुकान पर गिरी प्रशासन की गाज

    रायगढ़। दीपावली पर्व पर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पटाखों के अवैध भंडारण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले में अस्थायी पटाखा दुकानों के संचालन, निर्धारित विक्रय स्थलों और सुरक्षा मानकों की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में आज नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत पतरापाली स्थित ओम पटाखा बाजार के विक्रेता दिनेश पटेल द्वारा सडक़ किनारे अवैध रूप से पटाखे रखकर विक्रय किए जाने पर राजस्व विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान निर्धारित एवं अनुमोदित विक्रय स्थल के बाहर रखे गए पटाखों को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
    गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा जारी अस्थायी आतिशबाजी विक्रय अनुज्ञप्ति की शर्तों के अनुसार पटाखों का भंडारण एवं विक्रय केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं अनुमोदित स्थल पर ही किया जा सकता है। अनुज्ञप्ति केवल नामांकित व्यक्ति, स्वीकृत स्थल और निर्धारित अवधि के लिए मान्य है। किसी अन्य स्थान पर पटाखों का भंडारण अथवा विक्रय करना प्रतिबंधित है।

    नियमों के उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्रवाई

    जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पटाखा विक्रय के लिए अनुज्ञप्ति प्राप्त होना सुरक्षा नियमों से छूट नहीं है। प्रत्येक विक्रेता को अनुज्ञप्ति में निर्धारित सभी शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन, प्रतिबंधित पटाखों का विक्रय अथवा जनसुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करने वाली गतिविधि पाए जाने पर विस्फोटक अधिनियम, 1884 एवं विस्फोटक नियम, 2008 के तहत अनुज्ञप्ति निलंबन अथवा निरस्तीकरण, सामग्री की जब्ती सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी

    प्रत्येक अस्थायी पटाखा दुकान के बीच न्यूनतम 3 मीटर की दूरी रखना अनिवार्य है। दुकानों का निर्माण अज्वलनशील सामग्री से किया जाना चाहिए। प्रत्येक दुकान में 5 किलोग्राम क्षमता का अग्निशामक यंत्र, दो बाल्टी रेत एवं दो बाल्टी पानी रखना जरूरी है। दुकानों में माचिस, लाइटर, मोमबत्ती तथा खुली आग का उपयोग प्रतिबंधित है।

    इसके साथ ही सुरक्षित विद्युत वायरिंग एवं आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। अनुज्ञप्तिधारी केवल अनुमत हरित पटाखों का ही विक्रय कर सकेंगे। प्रतिबंधित विदेशी पटाखों तथा निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक आवाज करने वाले पटाखों का भंडारण एवं विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। पटाखों की बिक्री सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही की जा सकेगी। विक्रय स्थल से 50 मीटर की परिधि में आतिशबाजी का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा।