Blog

  • धान खरीदी से पहले बिचौलियों और अवैध भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा

    धान खरीदी से पहले बिचौलियों और अवैध भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा

    नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले जिला प्रशासन ने अवैध धान व्यापार, अनियमित भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जशपुर कलेक्टर के निर्देश पर कुनकुरी तहसील में राजस्व, खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने लाइसेंसधारी धान व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। तहसीलदार कुनकुरी, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने तहसील क्षेत्र के 10 लाइसेंसधारी व्यापारियों की दुकानों एवं गोदामों की जांच की। इस दौरान 6 व्यापारियों के यहां निर्धारित सीमा से अधिक धान का भंडारण पाया गया। जांच में कुल 773 बोरी धान, जिसका अनुमानित वजन 310.2 क्विंटल है, जब्त किया गया। प्रशासनिक टीम ने जब्त धान को संबंधित व्यापारियों की सुपुर्दगी में देते हुए मंडी इंस्पेक्टर को नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं खाद्य विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में तहसीलदार ने बताया कि जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान व्यापार और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की टीमें व्यापारियों के भंडारण और धान के कारोबार पर नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखना है, ताकि समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीदी का वास्तविक लाभ किसानों को मिल सके और बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान खपाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके। आगामी दिनों में भी जिले में इस तरह की जांच एवं कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।

  • ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा निखारने का सशक्त माध्यम : गोमती साय

    ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा निखारने का सशक्त माध्यम : गोमती साय

    नारायणपुर। कोकियाखार में आयोजित प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल के प्रति उनके समर्पण एवं प्रदर्शन की सराहना की।
    इस दौरान विधायक गोमती साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है। ऐसे आयोजनों से गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलता है। खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आपसी सहयोग, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की। प्रो कबड्डी जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को निरंतर बढ़ावा दिया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ी आगे बढक़र अपनी पहचान बना सकें। विधायक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मीना चौहान, जिला पंचायत सदस्य सुरुचि पैंकरा, जनपद अध्यक्ष धनियारों परहा, भाजपा नेता आनंद शर्मा, उमाशंकर भगत, जनपद सदस्य, क्षेत्रीय सरपंच सहित भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

  • अलौकिक प्रभात फेरी श्रीराम नाम के जयकारों से गूंजा खरसिया

    अलौकिक प्रभात फेरी श्रीराम नाम के जयकारों से गूंजा खरसिया

    खरसिया। पवित्र कार्तिक मास के पावन अवसर पर धर्म नगरी खरसिया में सनातन प्रेमियों, युवाओं और प्रबुद्धजनों द्वारा एक अत्यंत प्रेरणादायक और अनूठी पहल की जा रही है। प्रतिदिन सुबह गंज बाजार स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर से उठने वाली श्रीराम नाम संकीर्तन की गूंज से पूरा नगर राममय हो गया है। खरसिया वासियों की सुबह अब बिस्तर छोडऩे के साथ ही ‘श्रीराम नाम’ के जाप और संकीर्तन से हो रही है, जिससे संपूर्ण वातावरण सात्विक और ऊर्जावान बन गया है।
    संतों और ग्रंथों के अनुसार, ‘राम से भी बड़ा राम का नाम है।’ भगवान श्रीराम के नाम का स्मरण, जप और श्रवण मात्र मनुष्य को भवसागर से पार लगाने के लिए पर्याप्त है। सनातन संस्कृति में इसके अनगिनत प्रमाण मिलते हैं। इसका सबसे ज्वलंत उदाहरण महर्षि वाल्मीकि हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों और अज्ञानता के दौर में भी मरा-मरा जपते-जपते राम नाम की ऐसी सिद्धि प्राप्त की कि वे महर्षि बन गए और अमर ग्रंथ ‘रामायण’ की रचना कर डाली।
    प्रभात फेरी में आज सम्मिलित हुए लेखक कैलाश शर्मा का अनुभव है कि सुबह इस यात्रा में नाचते-झूमते हुए शामिल होने से आत्मा को अलौकिक संतुष्टि मिलती है। दिनभर दिलों-दिमाग में ‘श्री राम नाम की गंगा में नहाले नहाले…’ ये मौका नहीं आएगा बंदे, ये मौका नहीं आएगा जैसे भजन गूंजते रहते हैं, जिससे पूरा दिन रचनात्मकता और सकारात्मकता से बीता और इस समाचार की प्रेरणा भी मिली।

    प्रभात फेरी का समय और मार्ग

    प्रतिदिन प्रात: 6:00 बजे गंज बाजार हनुमान मंदिर से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुन: प्रात: 7:00 बजे हनुमान मंदिर प्रांगण में विश्राम। कार्तिक मास की एकम तिथि (26 अक्टूबर 2026) से लेकर कार्तिक पूर्णिमा (25 नवंबर 2026, बुधवार) तक।

    धर्म प्रेमियों की सक्रिय सहभागिता

    इस पावन अनुष्ठान के सूत्रधार राजू सपोसवाला की प्रेरणा और कुशल अगुवाई में यह आयोजन भव्य रूप ले चुका है। इसमें पप्पू अरोरा, मुकेश टीएम, सत्यनारायण मुरा, बंटी मिरानी, संजय एसआरएम, मनीष तूहीराम, विनय पंडा, पूनम महावीर, वैद्यनाथ अग्रवाल, गिरधर अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेकों धर्मप्रेमी बढ़-चढक़र अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। शास्त्रों में विधान है कि प्रभु श्रीराम का नाम स्मरण करने के लिए किसी विशेष परिस्थिति या कठोर नियमों की बाध्यता नहीं होती। आप सोते-जागते, उठते-बैठते, स्वस्थ हों या अस्वस्थ, कभी भी प्रभु का स्मरण कर सकते हैं। यदि प्रात:काल स्नान में कोई बाधा या विलंब हो, तब भी बिना स्नान के लिया गया राम नाम भी उतना ही पुण्यदायी होता है।

    कार्तिक पूर्णिमा पर विशाल भंडारा

    प्रभात फेरी संकीर्तन समिति ने खरसिया नगर के सभी सम्मानित नागरिकों, माताओं, बहनों और युवाओं से विनम्र अपील की है कि इस अलौकिक प्रभात फेरी में शामिल होकर सनातन धर्म की अलख जगाएं और अपने जीवन को धन्य बनाएं।
    कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व (25 नवंबर 2026, बुधवार) पर इस मास-पर्यायंत चलने वाले अनुष्ठान के समापन पर सिद्ध श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहाँ सभी भक्त महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। राजू सपोसवाल और इस समाचार के लेखक कैलाश शर्मा का कहना है ‘जीवन में यह दुर्लभ मौका बार-बार नहीं मिलता आइए, श्रीराम नाम की इस पावन गंगा में डुबकी लगाएं और अपने जीवन को सफल बनाएं।’

  • पीएम आवास शहरी 2.0 को स्वीकृति मिलने पर सांसद संतोष पांडेय ने जताई खुशी

    पीएम आवास शहरी 2.0 को स्वीकृति मिलने पर सांसद संतोष पांडेय ने जताई खुशी

    रायपुर। पीएम आवास शहरी 2.0 को स्वीकृति मिलने पर सांसद संतोष पाण्डेय खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद पहला काम सरकार ने आवास का किया. जिन आवासों को भूपेश बघेल ने रोका था, साय सरकार ने पहले हस्ताक्षर किया. 84 नगरीय निकायों के लिए नए आवास स्वीकृत हुए हैं. हर व्यक्ति के सिर पर छत होना चाहिए, सरकार चिंता करती है. सांसद संतोष पांडेय धनतेरस के अवसर पर मीडिया से रू-ब-रू हुए. इस दौरान उन्होंने एक हजार से अधिक पदों पर राज्य सरकार द्वारा भर्ती किए जाने पर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को तोहफा दिया है. अग्निवीर की सौगात के बाद यह बड़ी सौगात छत्तीसगढ़ को मिली है. वहीं कांग्रेस रैली में शामिल नहीं होने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई पर सांसद ने कहा कि अपने-अपने विरोधियों की सूची बनाकर भेज रहे हैं. कार्रवाई करने की तैयारी में है, तो कुछ लोग करवाने के लिए भी है. कांग्रेस में सिर फुटव्वल देखने मिल रहा है. दीपक बैज के बयान कि कांग्रेस अर्जुन है, हर चक्रव्यूह को तोड़ेगी, पर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि यह अर्जुन नहीं, दुर्योधन है, और 10 जनपद में गांधारी पट्टी बांधकर बैठी है. उनको अपने पुत्र दुर्योधन के सिवाय कोई नहीं दिखता. महाभारत में उनका सत्यानाश होता है. कांग्रेस का पतन होने वाला है. वहीं रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन पर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सभा में मंच और कुर्सियां, दोनों ही खाली थी. कांग्रेस की औकात आप देख सकते हैं. इसके साथ बस्तर में कई गांवों में जलेंगे दीप पर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कोंटा, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर में खुशी का माहौल है. अमन और चैन की बयार आज बह रही है. दीपों की रौशनी से बस्तर जगमगाएगा.

  • पार्षदों ने जोन कार्यालय में जड़ा ताला, अंदर कैद रहे कर्मचारी

    पार्षदों ने जोन कार्यालय में जड़ा ताला, अंदर कैद रहे कर्मचारी

    रायपुर। नगर निगम में अब भाजपा के पार्षदों ने ही अपनी ही सरकार और निगम व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को भाजपा के 6 और कांग्रेस के 1 पार्षद ने मिलकर जोन-8 कार्यालय में तालाबंदी कर दी। पार्षदों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जोन कमिश्नर और अधिकारी वार्डों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। पार्षदों ने पहले कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन जब वे बाहर नहीं निकले तो कार्यालय में ताला लगा दिया। इसके बाद कर्मचारी अंदर ही कैदरह गए।
    जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी पार्षदों के साथ धरने पर बैठ गए। पार्षदों का कहना है कि वार्डों में स्ट्रीट लाइट, पानी और कचरा गाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। 6 महीने पहले स्ट्रीट लाइट के लिए राशि देने के बाद भी टेंडर नहीं खुला है। धनतेरस जैसे त्योहार पर भी लोगों को पानी और सफाई की समस्या से जूझना पड़ रहा है। दिपावली के दौरान वार्डों में अंधेरा है। इधर, प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब ट्रिपल इंजन की सरकार में भाजपा के पार्षदों को ही अपने काम के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है तो महापौर, जोन अध्यक्ष और एमआईसी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं, महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि भाजपा की सरकार और महापौर होने का मतलब यह नहीं है कि अधिकारी काम नहीं करेंगे। सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ेगी।
    जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि अधिकारियों से काम करवाने के लिए अब जनप्रतिनिधियों को अपना तरीका बदलना पड़ रहा है। सातों पार्षद जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए यहां बैठे हैं। उन्होंने कहा कि धनतेरस के दिन भी उन्हें जोन कार्यालय में धरना देना पड़ रहा है। वे नहीं चाहते कि त्योहार के समय वार्ड के लोगों को परेशान होना पड़े।
    उन्होंने बताया कि पार्षद निधि से स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए करीब 6 महीने पहले ही राशि दी जा चुकी है। उम्मीद थी कि दिवाली से पहले वार्डों में लाइट लग जाएगी, लेकिन अब तक टेंडर तक नहीं खुला है। वार्डों में पानी की समस्या भी बनी हुई है। लोग त्योहार के लिए घरों की साफ-सफाई कर रहे हैं, लेकिन कई जगह पानी नहीं पहुंच रहा है। कचरा गाड़ी भी 4 से 5 दिन तक वार्डों में नहीं पहुंच रही है। प्रदर्शन के दौरान ही उनके पास 10 से 20 लोगों के फोन आए, जिन्होंने कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत की।
    पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद संदीप साहू ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को भाजपा और कांग्रेस में बांटकर अपना काम निकाल रहे हैं। इसी का फायदा उठाकर वे मनमानी कर रहे हैं। इसलिए आज भाजपा और कांग्रेस के सभी सात पार्षद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक साथ बैठे हैं। उन्होंने जोन में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार बढऩे का आरोप लगाया। कहा कि अवैध प्लॉटिंग से लेकर दूसरे कामों में भी कमीशनखोरी हो रही है। अधिकारी आम लोगों की समस्याएं सुनने नहीं पहुंचते, लेकिन अवैध पानी कनेक्शन और वसूली के मामलों में मौके पर पहुंच जाते हैं। वही पं जवाहर लाल नेहरू वार्ड के पार्षद भगतराम हरवंश ने बताया कि उनके वार्ड की एकता कॉलोनी में पिछले 6 महीने से पानी की व्यवस्था नहीं है। वहीं, पिछले 10 दिनों से वार्ड में गंदा पानी आ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जनता ने पार्षदों को चुनकर भेजा है, इसलिए उनकी समस्याओं के लिए आवाज उठाना उनकी जिम्मेदारी है। ज तक मांग पूरी नहीं होती हमारा प्रदर्शन जारी रहे है।
    कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन भी कार्यकर्ताओं के साथ जोन कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन का जायजा लेने के बाद कहा कि यह समझने वाली बात है कि जिन पार्षदों की परिषद में सत्ता है और जिनकी प्रदेश में सरकार है, उन्हें खुद अपने ही जोन कार्यालय में तालाबंदी करनी पड़ रही है। मेनन ने कहा कि जब जनता के चुने हुए पार्षद ही काम नहीं होने से परेशान हैं तो नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। महापौर को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। जोन अध्यक्ष और पूरी एमआईसी को भी इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें लगता था कि चार विधायक अपने-अपने क्षेत्रों के नगर निगम चला रहे हैं। महापौर के पास एक जोन बचा था, लेकिन अब वहां भी उनकी पकड़ दिखाई नहीं दे रही है। अगर काम नहीं हो रहा है तो उन्हें सरकारी बंगला, गाड़ी और पद लेकर बैठे रहने के बजाय पद छोड़ देना चाहिए। और फिर से चुनाव होना चाहिए।
    महापौर मीनल चौबे ने कहा कि इस मामले में लगातार उनके पास फोन आ रहे थे। गुरुवार को जोन अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर ने भी फोन कर बताया था कि बार-बार कहने के बावजूद अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। मुख्यालय से आयुक्त के निर्देश नहीं मिलने का बहाना बनाकर काम टाला जा रहा है। महापौर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए कि महापौर भाजपा की हैं और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए अधिकारी काम नहीं करेंगे तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। चाहे निगम आयुक्त हों, जोन कमिश्नर हों या उनकी पूरी टीम, सभी को गंभीरता और ईमानदारी से काम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने जोन कार्यालय में तालाबंदी की है, यह अधिकारियों के लिए चेतावनी है। अगर काम नहीं होगा तो ऐसी स्थिति फिर बनेगी। काम सभी को करना पड़ेगा और काम करवाना भाजपा के नेताओं को आता है।

  • तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

    तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

    बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में धनतेरस के दिन एक भीषण सडक़ हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
    यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ है। मृतकों की पहचान निहारिका ध्रुव पिता रामचंद्र ध्रुव उम्र 16 साल, रामचंद्र ध्रुव उम्र 39 साल और टोमेश ध्रुव पिता रामचंद्र ध्रुव उम्र 12 साल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही परिवार के थे और ग्राम खैरताल थाना भाटापारा ग्रामीण के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि परिवार पैसा निकालने बलौदाबाजार पोस्ट ऑफिस आए हुए थे और एक ही बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम रवान मुख्य सडक़ मार्ग में मंसा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी-08 एएक्स-6011 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार एक ही परिवार के 03 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया है। तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल बलौदाबाजार में पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए लाया गया है।

  • डीआरएम की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय पीएनएम बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

    डीआरएम की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय पीएनएम बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

    बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में दिनांक 05 एवं 6 नवम्बर को मंडल स्तर पर दो दिवसीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशियेशन मशीनरी) बैठक संपन्न हुई । बैठक का उद्देश्य रेलवे संगठन के मान्यता प्राप्त संगठनों के प्रतिनिधियों एवं प्रबंधन के मध्य विचार विमर्शों के द्वारा संगठन की उत्पादकता एवं कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाना होता है । इस पीएनएम बैठक की अध्यक्षता डीआरएम श्री राकेश रंजन द्वारा की गई। बैठक में एडीआरएम श्री जे एस मीना, श्री के श्रीनिवास भी उपस्थित थे 7 बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ अंशुमान मिश्रा द्वारा किया गया। बैठक में शाखाधिकारियों के अलावा साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मंडल समन्वयक श्री विजय अग्निहोत्री सहित श्री बी कृष्णकुमार, श्री लक्ष्मण राव, श्री आर के यादव सहित सभी शाखा सचिव शामिल हुये। इस बैठक में मान्यता प्राप्त संगठन रेलवे मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए कर्मचारी हित के सभी 85 एवं 11 स्पेशल मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान रेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे पदोन्नति, कर्मचारियों का पुन:तैनाती (रिडिप्लोयमेंट), कार्यस्थल की सुविधाएं, कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्यस्थल में ही स्वास्थ्य सेवाएं की उपलब्धता, आवासीय सुविधाएं एवं अन्य कल्याणकारी नीतियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया । विचार-विमर्श व सहमति पश्चात अनेक मुद्दों को क्लोज भी किया गया। साथ ही साईडिंग माइलेज प्रदान करने पर भी सहमति बनी 7 बैठक बहुत ही सकारात्मक एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपंन हुई। पीएनएम बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एवं डीआरएम श्री राकेश रंजन ने मान्यता प्राप्त संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों को रेल कर्मचारियों से जुड़े समस्याओं को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद दिया व कहा कि रेल प्रशासन सभी कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है । हम सभी कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल में बेहत्तर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध हैं । मजदूर कांग्रेस द्वारा रेल कर्मचारियों के कल्याण से संबन्धित उठाए गए सभी मुद्दो पर विधिसम्मत कार्रवाई पर ज़ोर देते हुए उन्होने आश्वस्त किया कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

  • विद्युत लोको प्रशिक्षण केंद्र उस्लापुर में संगोष्ठी का आयोजन

    विद्युत लोको प्रशिक्षण केंद्र उस्लापुर में संगोष्ठी का आयोजन

    बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, संरक्षा विभाग (मुख्यालय) द्वारा संरक्षा सेमिनार आयोजित किया गया । संरक्षा सेमिनार में मुख्य संरक्षा अधिकारी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, श्रीअनुप कुमार सतपथी मुख्य अतिथि संरक्षा सेमिनार के रूप में उपस्थित थे, विशिष्ट अतिथि श्री ए.के.पाठक, मुख्य विद्युत इंजीनियर/परि/ बिलासपुर की गरिमामयि उपस्थिति रही। इसके साथ ही विभिन्न अधिकारी यथा श्रीमति शिवरंजनी पी. वर्मा, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी/ सिग्नल एवं टेलिकॉम/ बिलासपुर, पी के शराफ़, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी /विद्युत/ बिलासपुर, आर .के.देवांगन, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी /मेकेनिकल/ बिलासपुर, बी.एन.पटेल, प्रिन्सिपल विद्युत लोको प्रशिक्षण संस्थान, उस्लापुर एवं श्री आर के सोनी, सहायक मण्डल विद्युत अभियंता/बिलासपुर उपस्थित रहे तथा मण्डल एवं मुख्यालय के सेफ़्टी काउन्सलर, अनुदेशकगण, मुख्य लोको निरीक्षक लोको पायलट,सहायक लोको पायलट और प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षुगण उपस्थित रहे ।
    इस अवसर पर श्री अनुप कुमार सतपथी, प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, बिलासपुर ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में रेलकर्मचारियों को सदैव सुरक्षित रहने तथा प्रत्येक कार्य में निर्धारित सुरक्षित कार्यप्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान आने वाली किसी भी समस्या, बाधा अथवा संरक्षा संबंधी व्यवधान को उचित माध्यम से समय रहते उच्चस्तर तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
    कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने संरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। श्री ए.के. पाठक, मुख्य विद्युत इंजीनियर (परिचालन), बिलासपुर ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया कि सुरक्षित कार्यप्रणाली की शुरुआत प्रत्येक कर्मचारी को स्वयं अपने कार्यस्थल एवं कार्यशैली से करनी होगी। श्री पी.के. शराफ, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (विद्युत), बिलासपुर ने कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा गुणवत्तापूर्ण विश्राम के महत्व को रेखांकित किया।
    वहीं, श्रीमती शिवरंजनी पी. वर्मा, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (सिग्नल एवं टेलीकॉम), बिलासपुर ने रेल परिचालन में व्यावहारिक अनुभव एवं मानवीय दक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। आर.के. देवांगन, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (मैकेनिकल), बिलासपुर ने ट्रेन को स्टार्ट करने से पूर्व एवं स्टार्ट करते समय अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। श्री बी.एन. पटेल, प्रिंसिपल, विद्युत लोको प्रशिक्षण संस्थान, उस्लापुर ने कहा कि संरक्षा संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं का ज्ञान तभी सार्थक है, जब उन्हें कार्यस्थल पर पूरी निष्ठा के साथ व्यवहार में अपनाया जाए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्धारित संरक्षा नियमों का नियमित एवं अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए सुरक्षित कार्यप्रणाली के लाभों से अवगत कराया।
    इसी क्रम में श्री आर.के. सोनी, सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन), बिलासपुर ने ‘एसपीएडी’ में सहायक लोको पायलट की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोको पायलट की सतर्कता, सिग्नल के प्रति सजगता एवं निर्धारित परिचालन नियमों के पालन के महत्व को समझाया। साथ ही, आर.एस. वाल्व सिमुलेटर के माध्यम से दिए जाने वाले व्यावहारिक प्रशिक्षण की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण कर्मचारियों की कार्यदक्षता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं उचित प्रतिक्रिया विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
    संगोष्ठी में उपस्थित प्रतिभागियों ने सभी वक्ताओं के विचारों एवं मार्गदर्शन में गहरी रुचि दिखाई। प्रतिभागियों की ओर से इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया। इस प्रकार की संरक्षा संगोष्ठियाँ रेल परिचालन से जुड़े कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव, मानसिक सजगता एवं संरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संगोष्ठी में बताया गया कि रेल संरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक रेलकर्मी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी, सतत सजगता, अनुभव, अनुशासन और सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।

  • पुरी हो रही मोदी जी की गारंटी : ओपी चौधरी

    पुरी हो रही मोदी जी की गारंटी : ओपी चौधरी

    दीपावली पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में नए आवास स्वीकृत, प्रदेश के हर परिवार तक पहुंच रही विकास की रोशनी

    रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ के 4,670 परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत प्रदेश के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों में नए आवास स्वीकृत हुए हैं।
    इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी का समस्त छत्तीसगढ़वासियों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी ने कहा व्यक्ति की जीवन की तीन प्रमुख आवश्यकताएं रोटी, कपड़ा और मकान होती है। जिनके मकान भी शामिल है। मोदी जी ने इस मूलभूत आवश्यकता को समझा और संकल्प लिया कि देश में कोई भी परिवार कच्चे घर, टूटी छत और बारिश की चिंता में जीवन न बिताए। आज उसी संकल्प का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ के हजारों गरीब, मध्यम वर्गीय और जरूरतमंद परिवारों के सिर पर पक्की छत का साया मिलने जा रहा है। आम जनता के जीवन मे बदलाव की बात करते हुए ओपी ने कहा गरीब परिवार का अपने पक्के घर में सम्मान के साथ जीवन जीने का सपना साकार हो रहा है। कांग्रेस दशकों से गरीबी हटाओ का नारा देती रही। पीढ़ी दर पीढ़ी गरीबी हटाओ का नारा सिर्फ नारों में सिमट कर रह गया। प्रधानमंत्री मोदी जी की आवास योजना ने केवल गरीब को घर नहीं दिया बल्कि आत्मसम्मान के साथ जीने का हक भी दिया है। ओपी ने कहा सरकार वादे निभा कर जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पूरी रही है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। चाहे किसानों का सम्मान हो, महिलाओं का सशक्तिकरण हो, युवाओं के लिए रोजगार हो या गरीब के लिए पक्का मकान हर वादा जमीन पर उतर रहा है। यह डबल इंजन की सरकार की प्रतिबद्धता है कि विकास सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि हर घर, हर परिवार तक पहुंचे। दीपावली पर मिले 4,670 आवास इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। यह दीपावली इन 4,670 परिवारों के लिए सिर्फ त्योहार नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। छत्तीसगढ़ का कोई भी परिवार बेघर नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की यह रोशनी हर घर तक पहुंचेगी।

     

  • जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में तमनार और रायगढ़ विकासखंड ने मारी बाजी

    जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में तमनार और रायगढ़ विकासखंड ने मारी बाजी

    रायगढ़। वद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और ज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से पीएम श्री शासकीय नटवर विद्यालय, रायगढ़ में जिला स्तरीय विज्ञान क्विज प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। एलिमेंट्री स्तर पर तमनार विकासखंड ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि हायर सेकेंडरी स्तर पर रायगढ़ विकासखंड की टीम विजेता रही। दोनों स्तरों के विजेता विद्यार्थी आगामी 14 नवंबर को एनटीपीसी लारा द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
    कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एन. साहू एवं जिला मिशन समन्वयक श्री आलोक स्वर्णकार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से एलिमेंट्री एवं सेकेंडरी स्तर की दो-दो टीमों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।

    प्रतियोगिता के परिणाम

    एलिमेंट्री स्तर (कक्षा 6वीं से 8वीं) में तमनार विकासखंड ने 125 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। खरसिया विकासखंड 100 अंकों के साथ दूसरे और पुसौर विकासखंड 90 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं हायर सेकेंडरी स्तर पर रायगढ़ विकासखंड ने 65 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। धर्मजयगढ़ विकासखंड 50 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। लैलूंगा और घरघोड़ा विकासखंड ने 45-45 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को आगामी 14 नवंबर को एनटीपीसी लारा में आयोजित होने वाली क्विज प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए नियमित अभ्यास, विषयवार प्रश्नोत्तरी और मॉक क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी कराई जाएगी, ताकि वे आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर सकें। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और ज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, प्राचार्यों, शिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।