Blog

  • 60 हजार के गांजा के साथ दो गिरफ्तार, थैला में लेकर जाते समय पकड़ा

    60 हजार के गांजा के साथ दो गिरफ्तार, थैला में लेकर जाते समय पकड़ा

    रायगढ़। जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को थैले में गांजा ले जाते पकड़ा। पूछताछ के बाद उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र का है।
    जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति थैला में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव पुलिस टीम के साथ ग्राम बिंजकोट मेन रोड पहुंचे और घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को थैला लेकर आते देखा। उसे रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम धनेश्वर कुम्हार (62), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा बताया। पुलिस ने उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें 4 किलो से ज्यादा गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।
    पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि वह गांजा बेचने के लिए ले जा रहा था। जांच के दौरान धनेश्वर ने गांजे की खरीदी-बिक्री में ग्राम दर्रामुड़ा के ठाकुर प्रसाद पटेल (39) का नाम भी बताया। पुलिस ने उसे भी मामले में शामिल पाया। पुलिस ने ठाकुर प्रसाद पटेल को भी हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की। पूछताछ में उसने भी गांजे की खरीदी-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गांजे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
    एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। भूपदेवपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।

  • बारूद से जंगली सुअर का शिकार,एक गिरफ्तार, 8-10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में किया था शिकार

    बारूद से जंगली सुअर का शिकार,एक गिरफ्तार, 8-10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में किया था शिकार

    रायगढ़। जिले के खरसिया वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने एक आरोपी को उसके घर में जंगली सुअर का मांस पकाते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने 8-10 साथियों के साथ मिलकर बारूद के गोले से शिकार करने की बात बताई है।
    मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वन विभाग की उडऩदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि खरसिया रेंज के जंगल में जंगली सुअर का शिकार किया गया है। ग्राम कुकड़ीचोली निवासी विजय राठिया (24) अपने घर में उसका मांस पका रहा है। सूचना मिलते ही उडऩदस्ता के सहायक प्रभारी संदीप नामदेव, सोमेश टोप्पो और उनकी टीम मौके पर पहुंची। घर की जांच करने पर विजय राठिया मांस पकाते मिला। टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पका हुआ मांस जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया गया और खरसिया रेंज कार्यालय लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि करीब 8-10 लोगों के साथ मिलकर जंगल में बारूद के गोले से जंगली सुअर का शिकार किया था। आरोपी से पूछताछ के बाद उडऩदस्ता की टीम अब उसके साथियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी खरसिया रेंज में शिकार की सूचना मिली थी। उस समय उडऩदस्ता टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
    वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
    वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 51 और 52 के तहत पीओआर दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • 5 करोड़ 62 लाख की तीन ग्रामीण सडक़ों को मिली स्वीकृति, अब गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास

    5 करोड़ 62 लाख की तीन ग्रामीण सडक़ों को मिली स्वीकृति, अब गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास

    रायगढ़। मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण ग्रामीण सडक़ों की स्वीकृति मिल गई है। विधायक एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से इन मार्गों के लिए कुल 5 करोड़ 62 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत सडक़ो में कोतासुरा से उमरिया मार्ग – लागत 2 करोड़ 12 लाख रुपये,लंकापाली से गोतमा पहुंच मार्ग – लागत 1 करोड़ 73 लाख रुपये, सकरबोगा – सांपखंड मुख्य मार्ग से कोसमपाली मार्ग – लागत 1 करोड़ 77 लाख रुपये शामिल है। ओपी ने कहा जीवन की मूलभूत आवश्यकता सडक़ भी है। ग्रामीण क्षेत्र में सडक़ सिर्फ आवागमन का साधन नहीं है, यह जीवन की मूलभूत आवश्यकता है। पहुंच विहीन मार्ग की वजह से ग्रामीणों को वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बारिश में कीचड़, बीमार होने पर अस्पताल पहुंचने में देरी, बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई – ये सब समस्याएं सडक़ न होने की वजह से थीं। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि इन मार्गों को पक्का किया जाए। विधायक ओ.पी. चौधरी ने इस मांग को संजीदगी से लिया और शासन से इन मार्गों के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाई। इन सडक़ों के बनने से शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं में बड़ा विस्तार होगा। अब बच्चे आसानी से स्कूल पहुंच सकेंगे, मरीज समय पर अस्पताल पहुंच सकेंगे, किसान अपनी उपज आसानी से मंडी तक ले जा सकेंगे। आवागमन की सुविधा सुगम होने से व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। गांव के छोटे व्यापारी, किसान और युवा अब सीधे मुख्य बाजार से जुड़ सकेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। रायगढ़ के गांव अब पिछड़े नहीं रहेंगे। हर गांव को पक्की सडक़, हर घर तक विकास – यही साय सरकार का संकल्प है।

  • अटल जी ने दिया छत्तीसगढ़, मोदी जी बना रहे हैं नया छत्तीसगढ़, अब बस्तर में बंदूक नहीं, पर्यटन बोलेगा- ओपी

    अटल जी ने दिया छत्तीसगढ़, मोदी जी बना रहे हैं नया छत्तीसगढ़, अब बस्तर में बंदूक नहीं, पर्यटन बोलेगा- ओपी

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कोई साधारण राजनीतिक निर्णय नहीं था। यह अटल बिहारी वाजपेयी के दिल का उपहार था, जो उन्होंने छत्तीसगढ़ के 3 करोड़ लोगों को दिया। उक्त बाते वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी ने मीडिया के दिए बयान में कही। प्रदेश की 3 करोड़ जनता अटल जी के इस उपहार के लिए हमेशा आभारी रहेंगे। ओपी ने कहा कांग्रेस को 44 साल मिले, पर छत्तीसगढ़ के लिए कुछ नहीं किया। 1956 से 2000 तक, लगभग 44 साल तक अधिकांश समय केंद्र में और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार रही। उन्हें छत्तीसगढ़ के लोगों के हित में निर्णय लेने का पूरा मौका मिला, लेकिन उन्होंने कभी यह निर्णय नहीं लिया। 3 करोड़ छत्तीसगढिय़ा भाई-बहनों को छत्तीसगढ़ राज्य का उपहार अटल जी ने दिया है। इसके लिए ओपी ने हृदय से अटल जी धन्यवाद दिया। ओपी ने कहा नक्सलवाद समाप्त हुआ, हम सभी के लिए अब नई सुबह है।आज स्थिति बदल गई है। नक्सलवाद समाप्ति की ओर है। वर्षों तक जिस बस्तर को भय और हिंसा के कारण जाना जाता था, आज वही बस्तर नई संभावनाओं के साथ उभर रहा है। यह सिर्फ बस्तर के लिए नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ के लिए नई संभावनाओं का समय है। बस्तर में चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुमसर गुफा, दलपत सागर जैसी जगहों का नैसर्गिक सौंदर्य दुनिया में कहीं नहीं है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता, आदिवासी संस्कृति, लोककला और खान-पान अपने आप में एक अद्भुत अनुभव है। अब जब शांति लौटी है, तो बस्तर में पर्यटन विकसित होगा। देश-विदेश से लोग बस्तर आएंगे, यहाँ के युवाओं को रोजगार मिलेगा, यहाँ के आदिवासी भाई-बहनों को सम्मान मिलेगा। अटल जी ने हमें राज्य दिया, मोदी जी के नेतृत्व में हम उस राज्य को समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बना रहे हैं। यही अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। कांग्रेस को 44 साल मिले, पर उसने छत्तीसगढ़ नहीं दिया। अटल जी ने 3 करोड़ छत्तीसगढिय़ों को अपना राज्य देकर उपहार दिया। आज नक्सलवाद खत्म हुआ है, बस्तर में शांति लौटी है। अब बस्तर में बंदूक नहीं, चित्रकोट का झरना और पर्यटन बोलेगा।

  • ग्राम तरकेला में आयोजित हुआ ग्रामीण सूचना केंद्र, किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी

    ग्राम तरकेला में आयोजित हुआ ग्रामीण सूचना केंद्र, किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी

    रायगढ़। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती के तरीकों एवं शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बोईरदादर रायगढ़ द्वारा रावे कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम तरकेला में ग्रामीण सूचना केंद्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों एवं ग्राम के उपसरपंच ने सहभागिता की।
    इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं रावे समन्वयक ने ग्रामीण सूचना केंद्र के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को बताया कि इसके माध्यम से उन्हें कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधानों, आधुनिक तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को नई तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी एवं उन्नत बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी उपयोगी जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के डीन श्री ए.के. सिंह, रावे कार्यक्रम समन्वयक श्री बृजेश पटेल, पादप रोग विज्ञान विभाग के प्राध्यापक श्री के.एन.खोसले तथा मृदा विज्ञान विभाग के प्राध्यापक श्री जी.आर.राठिया उपस्थित रहे।

  • दीपावली पर्व से पहले महिलाओं के खातों में आई महतारी वंदन योजना की राशि

    दीपावली पर्व से पहले महिलाओं के खातों में आई महतारी वंदन योजना की राशि

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना ने जिले की महिलाओं के लिए दीपावली त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा योजना की 33वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि उनके बैंक खाते में अंतरित किए जाने से उन्हें दीपावली की तैयारियों के लिए आर्थिक सहारा मिला है। समय पर मिली इस राशि से महिलाएं अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार उत्साह और उमंग के साथ मनाने की तैयारी कर रही हैं।
    ग्राम ननसिया की श्रीमती दुर्गा चक्रपाणी बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से उन्हें हर महीने नियमित रूप से एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्राप्त हो रही है। यह राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काफी मददगार साबित हो रही है। इस बार दीपावली से पहले 33वीं किस्त मिलने से खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि वे इस राशि का उपयोग दीपावली के लिए दीये, पूजन सामग्री और मिठाइयां खरीदने सहित त्योहार की अन्य आवश्यक तैयारियों में कर रही है।
    उनका कहना है कि योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सहायता राशि बिना किसी परेशानी के सीधे बैंक खाते में पहुंच जाती है। इससे उन्हें राशि प्राप्त करने के लिए कहीं भटकना नहीं पड़ता और वे अपनी जरूरत के अनुसार इसका उपयोग कर पाती हैं। हर महीने मिलने वाली यह आर्थिक सहायता परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहयोगी बन रही है। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले खाते में राशि पहुंचने पर दुर्गा चक्रपाणी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली नियमित सहायता महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करने का अवसर भी दे रही है।
    महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। पात्र महिला हितग्राहियों के लिए यह सहायता केवल एक हजार रुपये तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी जरूरतें पूरी करने, परिवार की खुशियों में सहभागी बनने और त्योहार को अपने सामर्थ्य के अनुसार उत्साह से मनाने का भरोसा भी है। इस दीपावली दुर्गा के घर जलने वाले दीयों के साथ महतारी वंदन योजना से मिली सहायता भी उनके जीवन में खुशियों का उजाला बिखेर रही है।

  • दीपावली से पहले अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, एक सप्ताह में 46 प्रकरण दर्ज

    दीपावली से पहले अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, एक सप्ताह में 46 प्रकरण दर्ज

    रायगढ़। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभाग ने बीते एक सप्ताह में व्यापक कार्रवाई की है। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत कुल 46 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 10 गैर-जमानती प्रकरण शामिल हैं। कार्रवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया। वहीं कुल 381.79 लीटर अवैध मदिरा और 950 किलोग्राम तैयार महुआ लाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 20 हजार 540 रुपये आंका गया है।

    अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी, कई आरोपी गिरफ्तार

    अवैध शराब के विरुद्ध अभियान के तहत 29 अक्टूबर 2026 को आबकारी उपनिरीक्षक श्री अंकित अग्रवाल ने रायगढ़ उत्तर वृत्त के अंतर्गत ग्राम तिलगा, थाना चक्रधर नगर में छापेमारी की। यहां वीरेंद्र राठिया के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी बाजार कीमत 2 हजार रुपये है, जब्त की गई। इसी दिन खरसिया वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री कुशल कुमार पटेल ने ग्राम चोढ़ा में कार्रवाई करते हुए रमेश कुमार राठिया के कब्जे से 20.200 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसका बाजार मूल्य 4 हजार 40 रुपये है। 30 अक्टूबर को घरघोड़ा वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा ने घरघोड़ा क्षेत्र में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। पहली कार्रवाई में आरती मांझी के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 5 हजार रुपये है, जबकि दूसरी कार्रवाई में प्रेम बाई पैकरा के कब्जे से 6.200 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 1 हजार 240 रुपये है, जब्त की गई। वहीं 31 अक्टूबर को रायगढ़ उत्तर वृत्त की टीम ने चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम रेगड़ा स्थित जंगल में छापेमारी की। यहां लावारिस हालत में 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य 61 हजार रुपये आंका गया है।

    तमनार, रायगढ़ शहर और कोतरारोड में भी कार्रवाई

    2 नवंबर को घरघोड़ा वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा ने तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम तमनार में कार्रवाई करते हुए बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त की। इसकी बाजार कीमत 1 हजार 800 रुपये बताई गई है। 3 नवंबर को रायगढ़ शहर वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री हरीश कुमार पटेल एवं उनकी टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के मधुबन पारा, टिकरापारा में छापेमारी की। इस दौरान फूलमती उरांव के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 2 हजार 800 रुपये है। 4 नवंबर को आबकारी उपनिरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा एवं श्री याजेन्द्र मेहर की संयुक्त टीम ने कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम गोर्रा में कार्रवाई करते हुए कलाराम बघेल के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब जब्त की। वहीं रायगढ़ उत्तर वृत्त के आबकारी उपनिरीक्षक श्री अंकित अग्रवाल ने ग्राम उच्चभि_ी में छापेमारी कर बलराम चौहान (30 वर्ष) के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में जब्त शराब का बाजार मूल्य 2 हजार 400-2 हजार 400 रुपये है।

    पुसौर के बरपाली में 62.800 लीटर महुआ शराब और 500 किलो लाहन जब्त

    5 नवंबर को आबकारी उपनिरीक्षक श्री प्रदीप वर्मा एवं श्री याजेन्द्र मेहर की टीम ने पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में तालाब किनारे छापेमारी की। यहां लावारिस हालत में 62.800 लीटर महुआ शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री का बाजार मूल्य 37 हजार 560 रुपये आंका गया है। इस मामले में आबकारी विभाग द्वारा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।

    होटल-ढाबों की जांच जारी, अभियान रहेगा निरंतर

    आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले के होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने सभी वृत्त प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, होटल-ढाबों की जांच करने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार दीपावली पर्व के दौरान भी विशेष निगरानी और छापेमारी जारी रहेगी। संपूर्ण कार्रवाई को सफल बनाने में जिला आबकारी कार्यालय के मुख्य आरक्षकों एवं आरक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

  • गुजरात की एकता परेड में छाई रायगढ़ पुलिस की रूबी, एसएसपी ने किया सम्मानित

    गुजरात की एकता परेड में छाई रायगढ़ पुलिस की रूबी, एसएसपी ने किया सम्मानित

    रायगढ़। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित भव्य एकता परेड में रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी ने छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। देश के विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों के चुनिंदा प्रशिक्षित पुलिस श्वानों के साथ रूबी ने अपने डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र आनंद के साथ परेड में हिस्सा लिया। इस उपलब्धि पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने डॉग मास्टर वीरेंद्र आनंद और रूबी को सम्मानित किया। साथ ही डॉग मास्टर को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
    लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर एकता नगर में आयोजित परेड में विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों के जवानों ने मार्चपास्ट किया। आयोजन में पुलिस और सुरक्षा बलों के प्रशिक्षित श्वानों का परेड दल भी शामिल रहा। इसके लिए 15 सीआरपीएफ और 15 छत्तीसगढ़ पुलिस के श्वानों का चयन किया गया था। छत्तीसगढ़ पुलिस के विभिन्न जिलों में कार्यरत 17 पुलिस श्वानों को भी इस आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला। इनमें रायगढ़ जिले की ट्रेकर डॉग रूबी भी शामिल रही।
    रायगढ़ पुलिस की ट्रेकर डॉग रूबी वर्ष 2017 से जिले में सेवाएं दे रही है। अपनी सूंघने की क्षमता और प्रशिक्षित कौशल के जरिए उसने कई गंभीर अपराधों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सारंगढ़ के गिरी पैलेस चोरी कांड, छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा में हुए तिहरे हत्याकांड और चक्रधरनगर क्षेत्र के चर्चित काजल मसंत हत्याकांड में रूबी ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाकर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की। पुलिस के अनुसार, कई मामलों में रूबी ने कुछ ही घंटों के भीतर महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराए। रक्षित निरीक्षक अमित सिंह के अधीन जिले में ट्रेकर डॉग रूबी और स्नीफर डॉग राजेश को नियमित रूप से विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। इसका उद्देश्य अपराध नियंत्रण, घटनास्थल परीक्षण और आपराधिक मामलों के अनुसंधान में उनकी दक्षता बनाए रखना है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि प्रशिक्षित श्वान अपराध अनुसंधान और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में रूबी और उसके डॉग मास्टर की सहभागिता रायगढ़ जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि को समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम बताया।

  • कृत्रिम रंगों को छोड़ प्रकृति के रंगों से सजी बच्चों की रंगोली

    कृत्रिम रंगों को छोड़ प्रकृति के रंगों से सजी बच्चों की रंगोली

    नारायणपुर। कुनकुरी विकासखंड का प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली अपने अनूठे नवाचारों के लिए जिले में चर्चित है। इसी तारतम्य में पर्यावरण संरक्षण और बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में एक विशेष रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अनूठी प्रतियोगिता की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि बच्चों ने कृत्रिम रंगों या प्लास्टिक आधारित सामग्रियों के बजाय विद्यालय की पुष्प वाटिका (गार्डन) से ताजे फूलों और पत्तियों का उपयोग कर आकर्षक और मनमोहक रंगोलियां तैयार कीं।
    प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल बच्चों ने अपनी छिपी हुई प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी दिया। छात्र-छात्राओं ने आने वाले दीपावली पर्व पर लोगों से सिंथेटिक रंगों के बजाय पूरी तरह से इको-फ्रेंडली रंगोली तैयार करने की अपील की, ताकि पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके। इस पहल ने स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।

    कला के साथ-साथ गणितीय व वैज्ञानिक समझ का विकास

    प्राकृतिक फूलों और पत्तियों के साथ काम करते हुए बच्चों में असाधारण रचनात्मकता देखने को मिली। विभिन्न रंगों के फूलों के संयोजन और सुंदर पैटर्न (आकृतियों) को उकेरने से बच्चों में रंगों की पहचान के साथ-साथ डिजाइनिंग और ज्यामितीय पैटर्न की भी गहरी समझ विकसित हुई। प्रकृति के करीब रहकर सीखने का यह अनुभव बच्चों के लिए बेहद आनंददायक रहा।

    पर्यावरण सुरक्षा हमारी साझा जिम्मेदारी प्रधान पाठक

    इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि ‘पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। आज के इन नन्हें बच्चों ने जिस प्रकार प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर सुंदर कलाकृति बनाई है, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।’ उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन में पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और इसके संरक्षण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद परिणाम इस प्रकार रहे, प्रथम स्थान अमृता (कक्षा 5), द्वितीय स्थान सुष्मिता सिंह (कक्षा 5) एवं तृतीय स्थान भूमिका बाई (कक्षा 5) ने हासिल किया।

    शिक्षक ने बढ़ाया बच्चों का मनोबल

    कार्यक्रम के दौरान शिक्षक महेश तिर्की ने सभी बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए उनका मार्गदर्शन और प्रोत्साहन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आत्मविश्वास की भावना मजबूत होती है।

    उत्साहवर्धन और पुरस्कार वितरण

    प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए उन्हें विद्यालय परिवार की ओर से स्टेशनरी सामग्री प्रदान की गई तथा सभी प्रतिभागियों को बैच लगाकर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरों पर जीत की खुशी और कुछ नया सीखने का संतोष साफ झलक रहा था। यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास, कलात्मक अभिव्यक्ति और पर्यावरणीय मूल्यों के प्रति संवेदनशीलता का एक बेहतरीन उदाहरण साबित हुआ।

  • कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी से शासकीय कर्मचारियों को मिलेगी राहत

    कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मंजूरी से शासकीय कर्मचारियों को मिलेगी राहत

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर फेडरेशन ने मुख्यमंत्री श्री साय को छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।
    फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों की लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से विशेष रूप से गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार की स्थिति में कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। उपचार के लिए पहले बड़ी राशि की व्यवस्था करने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने जैसी कठिनाइयां कम होंगी। इससे लाखों शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर श्री पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा एवं संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।