नारायणपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगांव में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर निर्माण के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राओं को 12वीं के बाद उपलब्ध उच्च शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्राचार्य श्री जे.आर. मांझी एवं करियर काउंसलिंग प्रभारी डॉ. मिथलेश कुमार पाठक के विशेष आग्रह पर किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से जशपुर जिले के डोडक़ा चौरा में संचालित गैर-लाभकारी संस्था नवगुरुकुल की प्रतिनिधि सुश्री अनिशा बेक एवं सुश्री रितु यादव ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। नवगुरुकुल की प्रतिनिधियों ने संस्था में उपलब्ध शिक्षा एवं प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि चयनित विद्यार्थियों को आवास, भोजन, लैपटॉप, वाई-फाई सहित पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्था में पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान और रोजगारपरक कौशल पर विशेष जोर दिया जाता है, ताकि विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए भी तैयार हो सकें। उन्होंने जशपुर कैंपस में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए स्कूल ऑफ बिजनेस सहित रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के अंतर्गत बिजनेस स्किल्स, डिजिटल टूल्स एवं डेटा एनालिटिक्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित करने और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। नवगुरुकुल की प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें भविष्य की योजनाओं को लेकर जागरूक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री जे.आर. मांझी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही दिशा चुनने में मदद मिलती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


