खरसिया। खरसिया और भैंनापारा धान खरीदी केंद्र में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग रहे, जबकि अध्यक्षता अखिल भारतीय तैलीय महासभा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष छाया विधायक महेश साहू ने की। आयोजन में किसानों के हितों, कृषि उन्नति और हाल ही में चक्रवाती तूफान/बेमौसम बारिश से हुए फसल नुकसान की भरपाई काका किसानों को भरोसा दिलाया गया।
मुख्य अतिथि कमल गर्ग का संबोधन
कृषि उपज मंडी, खरसिया में धान खरीदी उत्सव केंद्र के शुभारंभ अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के समस्त किसान भाइयों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ देते हुए अपने संबोधन में नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की मेहनत, उनके सम्मान और आर्थिक समृद्धि के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार का यह निर्णय अत्यंत सराहनीय है कि प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा से कम धान विक्रय करने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के मान से अंतर की पात्रता का लाभ प्रदान किया जाएगा। यह निर्णय किसान हितैषी सोच और अन्नदाताओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। ईश्वर से कामना है कि हमारे अन्नदाता किसान भाइयों के जीवन में सुख, समृद्धि एवं आंगन में खुशहाली बनी रहे तथा उनकी मेहनत को सदैव उचित सम्मान और मूल्य प्राप्त हो। जय जवान! जय किसान
अध्यक्षता कर रहे छाया विधायक महेश साहू का संबोधन
रायगढ़ जिले और खरसिया के किसानों ने पसीना बहाकर धरती को सींचा है, और आज खरीदी केंद्र की शुरुआत उनके परिश्रम के सम्मान का प्रतीक है। प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसले लेते हुए 3,100 रुपये प्रति क्विंटल का दाम, 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी और 13,839 रुपये की आदान सहायता सुनिश्चित की है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिल रही है। हम भली-भांति समझते हैं कि हालिया तूफान और बारिश से कई खेतों में फसल प्रभावित हुई है। किसानों की पीड़ा को दूर करने के लिए फसल क्षति के सर्वे और क्षतिपूर्ति का लाभ हर पात्र किसान तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर समन्वय और फॉलोअप लगातार किया जाएगा। कोई भी किसान स्वयं को अकेला न समझे सरकार और जनप्रतिनिधि हर कदम पर उनके साथ हैं। स्थानीय सहभागिता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने केंद्र में सुचारू धान खरीदी व्यवस्था और तूफान प्रभावित किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति दिलाने की अपेक्षा जताई।


