पिता ने की 2 साल के बच्ची की पटककर निर्मम हत्या

शरीर पर कई जगह मिले चोट के निशान, एफआईआर दर्ज

Lochan Gupta
2 Min Read

रायपुर। रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की बच्ची की मौत के मामले में हत्या का खुलासा हुआ है। रेलवे डीएसपी के मुताबिक, बच्ची की मौत जमीन पर पटकने से हुई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। मामले में बच्ची के सौतेले पिता को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वह कुम्हारी का रहने वाला है। रेलवे जीआरपी उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे बच्ची की तबीयत बिगडऩे पर परिजन उसे मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां इलाज के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची की मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत माना जा रहा था। उस समय परिजनों ने भी किसी तरह का संदेह नहीं जताया था। बच्ची की मौत के बाद मां और अन्य परिजनों ने संदेह जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। इसके लिए अस्पताल में आवेदन भी दिया गया था। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच में बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। इससे मौत को लेकर संदेह गहरा गया। जांच में बच्ची के सौतेले पिता आकाश देवर का नाम सामने आया है। आरोप है कि उसने बच्ची को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी की उम्र 23 साल है और वह कुम्हारी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रेलवे जीआरपी के डीएसपी एसएन अख्तर ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। उसे जमीन पर पटकने से मौत होने की बात सामने आई है। दुष्कर्म की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। मामले में सौतेले पिता को हिरासत में लिया गया है। जीआरपी आरोपी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच करेगी।

Share This Article