रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर शनिवार को रायपुर में जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन ने शहर में ‘सेवा पार्क’ बनाने की घोषणा की। यहां लोग जन्मदिन, शादी की सालगिरह और दूसरे खास मौकों पर जरूरतमंदों के लिए कपड़े, किताबें, खिलौने और स्टेशनरी दान कर सकेंगे। रायपुर के पं. जवाहरलाल नेहरू आयोजन के दौरान जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और वीर नायकों के योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि थे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कार्यक्रम में जानकारी दी की जन्मदिन, शादी की सालगिरह या किसी खास मौके पर अब रायपुर के लोग जरूरतमंदों के लिए दान कर सकेंगे। इसके लिए शहर में ‘सेवा पार्क’ बनाया जाएगा। यहां लोग अपनी खुशी के मौकों पर कपड़े, किताबें, खिलौने, स्टेशनरी सहित उपयोगी सामान दान कर सकेंगे। जिला प्रशासन इस पहल के जरिए सेवा महाकुंभ के तहत चल रही गतिविधियों को स्थायी स्वरूप देने की तैयारी कर रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से सेवा महाकुंभ के माध्यम से जरूरतमंदों के लिए किताबें, कपड़े, खिलौने और स्टेशनरी एकत्र की जा रही है। इन सामग्रियों को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा रक्तदान और देहदान के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अब सेवा पार्क के जरिए इस अभियान को नियमित और स्थायी बनाने की योजना है। हालांकि पार्क कहां बनेगा और इसकी शुरुआत कब होगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास त्याग, संघर्ष, साहस और बलिदान की गाथाओं से भरा है। जनजातीय नायकों और वीरांगनाओं ने जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और रानी कमलापति के जीवन से प्रेरणा लेने और अपनी भाषा, संस्कृति व परंपराओं को आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम में कलाकारों ने सुआ नृत्य और राउत नाचा की प्रस्तुति दी। शबरी माता पर आधारित एकल नाट्य ने दर्शकों को भावविभोर किया। ‘राम आएंगे’ गीत की प्रस्तुति से सभागार भक्तिमय हो उठा। बच्चों ने रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद थे।
वीरांगना शौर्य उत्सव में घोषणा, रायपुर में बनेगा ‘सेवा पार्क
बिरसा मुंडा जयंती पर बच्चों ने सुआ नृत्य और राउत नाचा की दी प्रस्तुतियां


