भटगांव। एक तरफ शासन – प्रशासन यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। नपं भटगांव के मुख्य चौराहा बिर्रा – चाम्पा मोड़ पर बना यात्री प्रतीक्षालय आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। रख रखाव के अभाव में यह प्रतीक्षालय पूरी तरह से जर्जर और गंदगी का अड्डा बन चुका है, जिसके चलते यहां कोई यात्री, छात्र, बुजुर्ग रुकना तक पसंद नहीं करता। इस प्रतीक्षालय के प्लेट फार्म की टाइल्स जगह-जगह से टूटी हुई हैं। साइड में लगी स्टील की रेलिंग उखड़ चुकी है और नीचे झूल रही है। प्रतीक्षालय की साइड की दीवार टूटकर गिर गई है, जिसके नीचे ईंट-पत्थर बिखरे पड़े हैं। शेड अंदर और सीढिय़ों के पास कचरे का ढेर लगा हुआ है। पेड़ों की जड़ें बाहर निकल आई हैं और पूरे परिसर में झाडिय़ां उग आई हैं, जिससे यहां सांप – बिच्छू का खतरा भी बना रहता है।
यह प्रतीक्षालय नपं भटगांव के वार्ड नं. 1 में स्थापित है जो बिर्रा-चम्पा मुख्य मार्ग का प्रमुख स्टॉप है। यहां से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री, स्कूली छात्र – छात्राएं व ग्रामीण आवागमन करते हैं। बिर्रा, जांजगीर -चांपा, रायपुर और बिलासपुर जाने के लिए लोग यहीं से बस पकड़ते हैं। लेकिन प्रतीक्षालय में बैठने तक की जगह नहीं बची है। धूल-मिट्टी से सना प्लेटफार्म, टूटी टाइल्स और गंदगी के कारण यात्रियों को सडक़ किनारे खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है। धूप और बारिश में भी यह शेड किसी काम का नहीं रह गया है। बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। साफ – सफाई नहीं होने से प्रतीक्षालय नशा खोरी का अड्डा बनता जा रहा है। कई बार शिकायत के बाद जिम्मेदार विभागों ने इसकी सुध नहीं ली है। यात्री प्रतीक्षालय में बैठने के लिए जो कुर्सियां लगाई गई थीं, वे अब गायब हो चुकी हैं। ये कुर्सियां कहां हैं, किसी को नहीं पता। यहां बिजली – रोशनी की व्यवस्था नहीं है और न ही साफ-सफाई है। यह जगह कूड़ेदान व मवेशियों के बैठने की जगह बन गई है । संबंधित विभाग के अधिकारियो ने तो आंख मूंद रखी है, नगर के जन प्रतिनिधि भी अनदेखा किए हुए हैं। जनता को मिलने वाली सुविधा को लेकर ये इतने लापरवाह कैसे हो सकते हैं?
भटगांव के मुख्य चौराहा बिर्रा मोड़ पर यात्री प्रतीक्षालय बना शो-पीस

