खरसिया। छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक शहर खरसिया में कानून-व्यवस्था, धार्मिक आस्था और सामाजिक मर्यादाओं को खुली चुनौती देने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। शहर के एक प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल के पास, एक सहायता संस्था के स्वयंभू प्रदेश अध्यक्ष और रसूखदार ‘सफेदपोश’ की कथित छत्रछाया में जुए का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा है।
इस स्थिति से न केवल शहर का माहौल दूषित हो रहा है, बल्कि खरसिया के उन सच्चे, निष्ठावान और निस्वार्थ समाजसेवकों व धार्मिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंच रही है जो वास्तव में समाजसेवा के कार्यों में जुटे हैं। इस तथाकथित रसूखदार का असली चरित्र तब सामने आता है जब उसके परोपकार के दावों की परतें उधड़ती हैं। लाखों की आबादी में किसी एक जरूरतमंद के इलाज के नाम पर चंद रुपयों की मदद देकर उसका भारी ढिंढोरा पीटना, एक यूनिट ब्लड दिलवाने या त्योहारों पर मामूली सामग्री बांटकर प्रेस विज्ञप्ति छपवाना इसका मुख्य शगल बन गया है। जानकारों का कहना है कि यह सब महज कुछ रुपयों का छलावा है, जिसके जरिए वह जुए और सट्टे के अपने बड़े सिंडिकेट पर पर्दा डालने का प्रयास करता है। इसके द्वारा बड़े-बड़े सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों के बैनर तले आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जाती है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्य अतिथि बनाकर ससम्मान आमंत्रित किया जाता है। इन प्रतिष्ठित मंचों और मेहमानवाजी का उपयोग करके व वीआईपी मेहमानों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करना इसका मुख्य हथियार है।
प्रबुद्ध नागरिकों के तीखे सवाल और गंभीर चिंताएं
खरसिया का बच्चा-बच्चा जानता है कि परदे के पीछे सक्रिय यह चेहरा कौन है। नागरिकों का कहना है कि सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का अधिकार सबको है और इससे समाज में सद्भावना बढ़ती है, लेकिन इसकी आड़ में युवा पीढ़ी को जुए की दलदल में झोंकना अक्षम्य अपराध है, जिससे हंसते-खेलते परिवार बर्बाद हो रहे हैं। इस परिस्थिति ने शहर के सामने कुछ गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या ये भव्य आयोजन वाकई समाज-सुधार के लिए हैं, या काले कारनामों को छिपाने का जरिया? क्या धर्म और सेवा के नाम पर इस प्रकार के अवैध अड्डों को संरक्षण देना बर्दाश्त किया जाएगा? खरसिया के बुद्धिजीवियों, धार्मिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजनों ने प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों से इस नासूर का तुरंत खात्मा करने की मांग की है। प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं
उच्चस्तरीय एवं गुप्त जांच कृत्रिम चमक से परे हो कार्रवाई
इस पूरे सिंडिकेट और इसके संरक्षक की बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच हो। प्रशासनिक अमला आयोजनों की झूठी प्रतिष्ठा और मालाओं के झांसे में न आकर धरातल पर फैल रहे अपराधों की सच्चाई पर कड़ा एक्शन ले। अब खरसिया की प्रबुद्ध जनता प्रशासनिक अमले की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की ओर टकटकी लगाए देख रही है कि क्या इस रसूखदार चेहरे पर कानून का शिकंजा कसता है या व्यवस्था यूं ही तमाशा देखती रहती है।

