रायगढ़. ग्राम पंचायत तुमीडीह के ग्रामीणों ने घरघोड़ा तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तालाब पर हो रहे अवैध निर्माण और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सांसद निधि मद से तुमीडीह से छर्राटांगर तक बन रही सडक़ निर्माण में ठेकेदार द्वारा अनियमितता बरती जा रही है। आवेदक दिलीप भोय ने बताया कि लगभग 40 वर्ष पुराने तालाब के मेड़ पर आवागमन प्रचलित था, लेकिन ठेकेदार ने मार्ग को परिवर्तित कर दिया है। अब वे तालाब के एक नए मेड़ पर स्लैग डालकर तालाब को पाटा जा रहा है। यह कार्य पंचायत के प्रस्ताव या सहमति के बिना किया जा रहा है। इस कारण तालाब के जलस्रोत पर अस्तित्व संकट में आ गया है और जल प्रदूषित हो रहा है। साथ ही तालाब से सटे खेत भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह परिवर्तित मेड़ और आगे तुमीडीह की ओर का मार्ग किसी भी तरह से सडक़ या गली के लिए आरक्षित नहीं है। इसके बावजूद जबरन मार्ग बनाए जाने से कुछ परिवारों को भविष्य में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। पूर्व में निर्धारित रोडमैप में सडक़ निर्माण पर ग्राम पंचायत या ग्रामीणों को कोई आपत्ति नहीं थी। शिकायत में कहा गया है कि निस्तार भूमि व शासकीय भूमि पर स्लैग और डस्ट गिराए जाने की यह पहली घटना नहीं है। अधिकतर शासकीय भूमि पर अवैध तरीके से स्लैग और डस्ट गिराकर अतिक्रमण किया गया है। ग्राम पंचायत तुमीडीह ग्रामीणों ने तहसीलदार से तालाब पर हो रहे अनुचित कार्य को स्थगित करवाने का निवेदन किया है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
शिकायत के बाद भी अभी तक कार्रवाई नहीं होने के कारण अब कलेक्टर से शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं। इनका कहना है कि तुमीडीह के सार्वजनिक तालाब में डस्ट व स्लैब डालने पर रोक लगाते हुए जिस जगह से सडक़ बनाने का प्रस्ताव पास हुआ है, उसी जगह से सडक़ बनाई जाए, इसके साथ ही तालाब का राजस्व अभिलेख एवं खसरा नंबर के आधार पर जांच एवं सीमांकन कराया जाए, ताकि यह पता चल सके कि तालाब की भूमि पर कितना अवैध कब्जा हुआ है और उसे मुक्त कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को गर्मी के दिनों में पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
क्या कहता है सरपंच
इस संबंध में सरपंच कार्तिकेश्वर माझी का कहना है कि सडक़ बनाने के लिए हमारे तरफ से परमिशन नहीं दिया गया है। वहीं इस सडक़ को लेकर कुछ लोग विरोध कर रहे हैं तो कुछ सपोट में है, ऐसे में अब ग्रामीणों के साथ बैठक करने के बाद ही समस्या का समाधान निकलेगा, कि आखिरकार क्या किया जा सकता है। जहां तब बात एसडीएम से शिकायत की है तो इसकी जानकारी हमें नहीं है। मैं फिर से गांव के लोगों के साथ बैठकर इस समस्या को दूर करने का प्रयास करुंगा।
कलेक्टर से शिकायत की तैयारी
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि जब से तालाब पाटने का काम चल रहा है, तब से सबसे पहले सरपंच से बात की गई थी, लेकिन उनके द्वारा भी इस पर कार्रवाई नहीं की गई, इससे घरघोड़ा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया, उसके बाद भी अभी तक रोक नहीं लगी है, ऐसे में अब कलेक्टर को शिकायत करने की तैयारी चल रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस सार्वजनिक तालाब को बचाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं होने के कारण काम लगातार जारी है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश पनपने लगा है, साथ ही इनका मांग है कि काम को बंद कराते हुए तालाब में डाले गए डस्ट स्लैब को भी साफ कराया जाए ताकि पानी दुषित न हो।

