बनकोम्बो-सलियाटोली-कुनकुरी मार्ग पर गड्ढों से जूझ रहे राहगीर

क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है विभाग, आखिर गहरी नींद से कब जागेंगे जिम्मेदार अधिकारी?

Lochan Gupta
7 Min Read

नारायणपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सडक़ों का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण के बाद इन सडक़ों के रखरखाव और समय पर मरम्मत को लेकर संबंधित ठेकेदारों एवं विभागीय अधिकारियों की लापरवाही सामने आने लगी है। स्थिति यह है कि कई सडक़ें अपनी निर्धारित गारंटी अवधि पूरी होने से पहले ही खराब होने लगी हैं। सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, लेकिन उनकी मरम्मत कराने की दिशा में जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। ऐसा ही मामला बनकोम्बो से सलियाटोली होते हुए कुनकुरी तक जाने वाले मार्ग का सामने आया है। इस मार्ग पर कई स्थानों पर सडक़ की हालत खराब हो चुकी है। चार से पांच जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनसे होकर गुजरना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ पर बने गड्ढों के कारण कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवारों के गिरने से कई लोगों को हाथ-पैर में चोटें भी आई हैं।

पांच साल की गारंटी, फिर भी मरम्मत की सुध नहीं

प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित सडक़ों के रखरखाव के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित ठेकेदार की पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी रहती है। इस अवधि को डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (डीएलपी) अथवा अनुरक्षण अवधि कहा जाता है। इस दौरान सडक़ में गड्ढे होने, सतह खराब होने या अन्य निर्धारित मरम्मत संबंधी समस्याएं सामने आने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को अपने खर्च पर सुधार कार्य कराना होता है। इसके बावजूद बनकोम्बो–सलियाटोली–कुनकुरी मार्ग पर सडक़ की बदहाल स्थिति यह सवाल खड़ा कर रही है कि आखिर पांच साल की गारंटी का लाभ ग्रामीणों को कब मिलेगा? सडक़ निर्माण के समय गुणवत्ता और बेहतर आवागमन के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही सडक़ पर गड्ढे नजर आने लगते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को अच्छी सडक़ की सुविधा मिलने के बजाय रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।

घुमावदार मोड़ों पर झाडिय़ों का कब्जा, सामने से आने वाले वाहन नहीं दिखते

इस मार्ग की समस्या केवल सडक़ पर बने गड्ढों तक सीमित नहीं है। सडक़ के कई घुमावदार मोड़ों पर दोनों ओर बड़ी-बड़ी झाडिय़ां और खरपतवार उग आए हैं। इन झाडिय़ों के कारण मोड़ पर सामने से आने वाले वाहनों को देख पाना मुश्किल हो जाता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और रात के समय सफर करने वाले लोगों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिमपूर्ण बनी हुई है।
सडक़ किनारे उगी झाडिय़ों के कारण मार्ग की उपयोगी चौड़ाई भी लगातार कम होती जा रही है। ऐसे में जब दो वाहन आमने-सामने से गुजरते हैं तो चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। कई स्थानों पर मोड़ इतने घुमावदार हैं कि सामने से आने वाले वाहन का अंदाजा अंतिम समय तक नहीं लग पाता। इससे आए दिन छोटे-मोटे हादसों की आशंका बनी रहती है।

24 घंटे रहता है वाहनों का आवागमन, फिर भी सफाई पर ध्यान नहीं

बनकोम्बो से सलियाटोली होते हुए कुनकुरी तक जाने वाले इस मार्ग पर दिन-रात वाहनों का आवागमन बना रहता है। ग्रामीणों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद सडक़ के किनारे उगी झाडिय़ों और खरपतवारों की सफाई नहीं कराई जा रही है। रात के अंधेरे में ऊंची झाडिय़ों के कारण सामने से आने वाले वाहनों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों का इस मार्ग से बराबर आना-जाना होता है। इसके बावजूद सडक़ पर बने गड्ढे और घुमावदार मोड़ों पर फैली झाडिय़ों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यदि अधिकारियों का नियमित आवागमन इसी मार्ग से होता है तो उन्हें सडक़ की वास्तविक स्थिति की जानकारी अवश्य होगी, फिर भी अब तक मरम्मत और सफाई को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है विभाग?

ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ पर गड्ढों की मरम्मत और किनारे उगी झाडिय़ों की सफाई समय रहते नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। आखिर विभागीय जिम्मेदार किसी गंभीर हादसे के बाद ही क्यों जागेंगे? जब सडक़ निर्माण के साथ पांच साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की जाती है, तो फिर ग्रामीणों को इस सुविधा का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है? अब सवाल यह है कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित इस मार्ग की बदहाली पर संबंधित विभाग कब संज्ञान लेगा? क्या ठेकेदार को गारंटी अवधि के तहत मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे या फिर ग्रामीणों को इसी तरह जोखिम भरे रास्ते से आवागमन करने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा? ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बनकोम्बो–सलियाटोली–कुनकुरी मार्ग का निरीक्षण कर सडक़ के सभी गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, घुमावदार मोड़ों पर उगी झाडिय़ों एवं खरपतवारों की सफाई कराने तथा पांच साल की अनुरक्षण अवधि के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग ग्रामीणों की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है।

Share This Article