जशपुर में सीएम साय ने परिवार के साथ मनाई दिवाली

जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने दी बधाई, पीएम मोदी के बस्तर दौरे पर जताया आभार

Lochan Gupta
2 Min Read

जशपुरनगर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार के साथ दिवाली मनाई। बगिया स्थित उनके घर पर दिनभर लोगों के मिलने का सिलसिला चलता रहा। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साय ने पत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ त्योहार मनाया। उन्होंने घर के आंगन में दीप जलाए। परिवार के साथ फुलझडिय़ां और अनार भी जलाए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व आशा, विश्वास, प्रेम और सद्भाव का उत्सव है। यह अंधकार से प्रकाश की ओर बढऩे और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। साथ ही भाईचारे और एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि दिवाली का प्रकाश प्रदेश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि लाए। छत्तीसगढ़ विकास और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित करे। दिवाली की शुभकामनाएं देने पहुंचे कई लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। साय ने उनकी बातें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों और मामलों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के बस्तर आगमन को पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और ऐतिहासिक अवसर बताया। साय ने कहा कि कभी नक्सलवाद के साये में रहने वाला बस्तर आज नक्सलमुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर है, जहां भय और हिंसा की जगह शांति, विकास और विश्वास का माहौल बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर विकास और खुशहाली की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री का बस्तर आगमन वहां के लोगों के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब विकास की नई पहचान बना रहा है।

Share This Article