झाडिय़ों में मिली महिला की अर्धनग्न लाश

रात में पति से हुआ था विवाद, सुबह घर से बाहर मिला शव

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ में 48 वर्षीय महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में झाडिय़ों के बीच मिला है। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है। घटना के बाद से महिला का पति घर से लापता है, जिसके चलते पुलिस उससे भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ निवासी राजकुमारी चौहान (48) का शव मस्जिदपारा स्थित झाडिय़ों में अर्द्धनग्न हालत में मिला। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सुबह उनकी बेटी रोज की तरह स्कूल गई थी। दोपहर में घर लौटने पर मां घर में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद घर के बाहर झाडिय़ों में उनका शव पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पति लापता

घटना के बाद से महिला का पति मोहब्बत चौहान घर से गायब बताया जा रहा है। इस कारण पुलिस उसे भी जांच के दायरे में रखकर तलाश कर रही है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। धरमजयगढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा।

Share This Article