इंडियन टैलेंट ओलंपियाड में ट्विंकल स्टार स्कूल की शानदार सफलता

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। प्रतिभा जब समर्पण और सतत प्रयासों से जुड़ती है, तो सफलता स्वयं इतिहास रचती है। इसी का सजीव उदाहरण प्रस्तुत करते हुए ट्विंकल स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रायगढ़ ने इंडियन टैलेंट ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का एक बार फिर परिचय दिया। विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए विद्यालय को गोल्डन स्कूल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, वहीं विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती विभा कुमार, प्राचार्या श्रीमती मेघा डबेडकर, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब कक्षा 3 के छात्र हर्ष देवांगन को जनरल नॉलेज विषय में स्टेट रैंक–6 प्राप्त करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं कक्षा 4 के छात्र आर्यन चौधरी को गणित विषय में द्वितीय चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रथम चरण में गणित, विज्ञान, अंग्रेज़ी, हिंदी, सामान्य ज्ञान एवं कंप्यूटर विज्ञान जैसे विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को भी मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा का सम्मान किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस सफलता का श्रेय उनके निरंतर परिश्रम, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया। इस अवसर पर डायरेक्टर श्रीमती विभा कुमार ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में उत्कृष्ट शिक्षा के साथ आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास करना है। वहीं प्राचार्या श्रीमती मेघा डबेडकर ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। यह उपलब्धि ट्विंकल स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसने एक बार फिर विद्यालय को जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में स्थापित किया है।

Share This Article