जशपुर पुलिस ने 238 क्विंटल धान जब्त किया

2 ट्रक, पिकअप से 5 लाख से अधिक का धान बरामद

Gupta Lochan
3 Min Read

जशपुरनगर। पुलिस ने अवैध धान तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की है। अलग-अलग इलाकों से दो ट्रक और एक पिकअप 520 बोरी में भरा 238 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 5 लाख 01 हजार 400 रुपए आंकी गई है। जानकारी के मुताबिक, 4 दिसंबर की रात पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। पहली कार्रवाई शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई, जब पेट्रोलिंग के दौरान बरटोली की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई।
वाहन में 200 बोरी में 100 क्विंटल धान लदा पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सुखदेव चौहान (35) निवासी कुनकुरी बताया। उसने धान को बरटोली से कुनकुरी ले जाने की बात स्वीकार की, लेकिन उसके पास धान परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।दूसरी कार्रवाई कुनकुरी थाना क्षेत्र में की गई। जहाँ पुलिस ने संदिग्ध ट्रक सीजी-14 एमआर-6997 को रोककर जांच की। वाहन में 250 बोरियों में 100 क्विंटल धान भरा हुआ था। ट्रक चालक जमीर अंसारी (21), निवासी लोहरदगा ने बताया कि वह धान जशपुर से ला रहा है। लेकिन पुलिस को संदेह है कि धान झारखंड से लाया जा रहा था। जब दस्तावेज दिखाने को कहा गया तो चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद दोनों ट्रक और धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।
तीसरी कार्रवाई चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र में की गई। जहां ओडिशा से ग्रामीण रास्तों के जरिए लाई जा रही धान की खेप को पुलिस ने पकड़ लिया। संदिग्ध पिकअप (सीजी-13 एएफ-1379) को रोककर जांच की गई, जिसमें 70 बोरियों में 38 क्विंटल धान भरा मिला। चालक के पास कोई वैध कागजात नहीं थे, जिसके चलते धान को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस सरहदी क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखते हुए धान तस्करी पर लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि सिटी कोतवाली, कुनकुरी और कोल्हेनझरिया क्षेत्रों में एकसाथ कार्रवाई करते हुए दो ट्रक और एक पिकअप से कुल 238 क्विंटल धान जब्त किया गया है और इसे आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंपा गया है।

Share This Article