सालिक साय ने लुड़ेग में धान खरीदी का किया शुभारंभ

Gupta Lochan
2 Min Read

लुड़ेग। प्रदेश में धान खरीदी सीजन की औपचारिक शुरुआत के साथ ही शुक्रवार को लुड़ेग कृषि उपज मंडी में जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय के मुख्य आतिथ्य में धान खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। समारोह में भारी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। शुभारंभ के अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए सालिक साय ने कहा कि विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि अब किसानों को टोकन कटाने के लिए लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। शासन द्वारा शुरू किए गए मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे अपना खरीदी टोकन ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने मंडी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी के दौरान किसी भी किसान को परेशानी न हो। किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल और प्रभावी निराकरण किया जाए, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संचालित हो सके।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भुनेश्वर यादव, भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, बीडीसी सदस्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। धान खरीदी के आरंभ से किसानों में उत्साह का वातावरण देखा गया।

Share This Article