सुने रास्ते पर लूटपाट करने वाले चार पकड़ाये

कोतरा रोड पुलिस की कार्रवाई, मोबाईल व बाईक बरामद

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने सुनसान मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया रेडमी 5जी टच स्क्रीन मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
घटना 11 अगस्त की रात की है, जब ग्राम नावापारा निवासी सुंदर दास महंत (50 वर्ष) अपने साथी स्वलाल महंत के साथ ग्राम सपोस दशकर्म में शामिल होकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच ग्राम लिटाईपाली नाला पुल के पास अंधेरे में छिपे कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज, हाथ-मुक्कों व डंडों से हमला कर लूटपाट की। बदमाशों ने सुंदर दास का मोबाइल छीन लिया और मौके से भाग निकले।
सुबह पीडि़त ने थाना कोतरारोड़ पहुंचकर घटना की जानकारी थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज को दी। उन्होंने धारा 119, 126, 309, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए रवाना किया। पूछताछ में पीडि़त ने एक आरोपी की पहचान कृष्णा भारद्वाज के रूप में की। पुलिस ने उसे घर से पकड़ लिया, जहां उसने अपने साथियों विजय भारद्वाज, प्रदीप टंडन और विरू सिदार के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि वे ग्राम लिटाईपाली के नाला पुल को अपना अड्डा बनाकर रात के समय राहगीरों को रोकते, पैसे की मांग करते और विरोध करने पर डराते-धमकाते थे। पुलिस ने कृष्णा भारद्वाज के मेमोरेंडम पर लूटा गया रेडमी 5जी टच स्क्रीन मोबाइल और घटना में प्रयुक्त डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की।

Share This Article