घर घुसकर बच्चा चोरी करते युवक पकड़ाया

हाथ-पैर बांधकर रातभर पीटा, बोरी में भरकर ले जा रहा था

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ। जिले में लोगों ने बच्चा चोरी के आरोप में युवक को पकडक़र रातभर पीटा। परिजनों के मुताबिक बुधवार (6 अगस्त) की रात 2 बजे बच्चा चोर घर में घुसकर 10 महीने के बच्चे को उठाकर बोरे में भरने लगा। इसी दौरान वे उठ गए। उन्होंने युवक को पकडक़र खूब पीटा।
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र के टिकरापारा का है। युवक पड़ोसी राज्य ओडिशा से रायगढ़ आया था। परिजनों ने रातभर चोर को बांधकर रखा। सुबह होते ही पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह बच्चे को चोरी कर ओडिशा में किसी कृष्णा नाम के शख्स को बेचता। बदले में उससे साढ़े 3 लाख लेता। 6 अगस्त की रात 2 बजे टुर्कूमुड़ा के वार्ड नंबर 41 टिकरापारा में रहने वाला राज सारथी का परिवार खाना खाने के बाद सोने चले गया। उनके साथ 10 माह का बच्चा भी सोया हुआ था। तभी देर रात तकरीबन 2 बजे एक युवक उनके घर में चोरी छिपे अंदर घुसा। युवक दादी के साथ सो रहे बच्चे को उठाकर बोरे में भरने लगा। इस दौरान बच्चे की आवाज सुनकर परिजन जाग गए और देखा कि कोई युवक बोरी लेकर बच्चे को भर रहा था। तभी तुरंत उसे पकडक़र हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद रात में ही परिजनों ने जमकर पिटाई शुरू कर दी। तब तक मामले की जानकारी आसपास के लोगों को लग चुकी थी। ऐसे में वहां काफी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने जब उससे पूछताछ कि तो उसने अपना नाम सुरेश मुंडा (42) बताया। साथ ही बताया कि वह ओडिशा का रहने वाला है। लोगों ने रातभर पीटने के बाद सुबह होते ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
3 लाख रुपए में बेचने की बात
बच्चे की दादी पिंकी सारथी ने बताया कि आरोपी के अनुसार वह बच्चे को ओडिशा में किसी कृष्णा नाम के शख्स को बेचने वाला था। उसकी साढ़े 3 लाख में डील हुई थी। दादी ने यह भी बताया कि उसके साथ और भी लोग थे, लेकिन वे भाग गए थे। हालांकि, पुलिस कह रही है कि युवक अकेला ही था। बच्चे के पिता राज सारथी ने बताया कि घटना के बाद पहले मामले की सूचना वार्ड पार्षद को दी गई। इसके बाद थाने में इसकी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाना ले गई। राज ने कहा कि अगर उनकी नींद नहीं खुलती तो वह बच्चे को ले जाता।
आगे की कार्रवाई जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने कहा कि सुंदरगढ़ का रहने वाला सुरेश घर में घुस गया था। बच्चे को बोरी में भरकर ले जाने की तैयारी कर रहा था। युवक ने एक शख्स का नाम लिया है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article