मोहर्रम पर्व को लेकर अखाड़ा प्रमुखों की पुलिस ने बैठक

सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। मोहर्रम पर्व के मद्देनजऱ थाना कोतवाली में अखाड़ा प्रमुखों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने अध्यक्षता करते हुए सभी अखाड़ा प्रमुखों से संवाद स्थापित किया और उन्हें शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की अपील की। बैठक के दौरान एएसपी मरकाम ने मोहर्रम जुलूस एवं अखाड़ों के मार्ग, समय निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य जरूरी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, परंतु सभी आयोजक और समिति सदस्य अपनी जिम्मेदारी समझते हुए प्रशासन का सहयोग करें ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मोहर्रम पर्व पर जुलूस मार्ग में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु ट्रैफिक पुलिस की तैनाती रहेगी। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी एवं किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। बैठक में उपस्थित नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को विश्वास दिलाया कि वे मोहर्रम पर्व को भाईचारे और शांति के साथ मनाएंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने देने में पूर्ण सहयोग देंगे। एएसपी आकाश मरकाम ने सभी से अपील की तथा कहा कि त्योहार शांति और उल्लास के साथ मनाया जाए। बैठक में एसडीएम रायगढ़ महेश कुमार शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, नगर निरीक्षक सुखनंदन पटेल, निरीक्षक प्रशांत राव सहित बड़ी संख्या में अखाड़ा समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article