बसुला से वार कर बड़े भाई की हत्या

जमीन विवाद के चलते आरोपी ने दिया घटना को अंजाम

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में धान और जमीन बंटवारे की बात को लेकर छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई के पेट में बसुला से वार करते हुए उसकी जान ले ली। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, उक्त मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बैस्कीमुडा में 27 जून की रात 8 बजे अरविन्द पैकरा अपने बड़े भाई अर्जुन पैकरा 37 साल, के घर पहुंचकर धान और जमीन का बंटवारा माँगा, इस दौरान पूर्व में भी धान को बेच देने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना अधिक बढ़ गया की अरविन्द ने अपने बड़े भाई अर्जुन के पेट में बोसला से जोरदार वार कर उसे घायल कर दिया।
पेट में हुआ था गहरा जख्म
परिजनों ने बताया की अर्जुन की तबियत अधिक बिगडऩे पर उसका छोटा भाई अरविन्द ही 29 जून को इलाज कराने रायगढ़ पहुंचा था, जहाँ पहले दिन डॉक्टर से मुलाकात नहीं हो पाने के बाद दूसरे दिन अर्जुन को दूसरे चिकित्सक के पास ले जाया गया। तब डॉक्टर ने उन्हें पेट में अधिक जख्म हो जाने की बात कहते हुए अर्जुन को घर ले जाने की सलाह दी।
घर आते समय रास्ते में हो गई मौत
गंभीर रूप से घायल अर्जुन को 30 जून की दोपहर घर लाया जा रहा था इसी बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। लैलूंगा पुलिस को कल दोपहर हत्या की जानकारी मिलते ही गाँव पहुंची और परिजनों से पूछताछ उपरांत आरोपी के खिलाफ धारा 103 (1) के तहत अपराध दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Share This Article