सडक़ हादसे में लैलूंगा के शिक्षिका की बीजापुर में मौत

आरोपी टे्रक्टर चालक हिरासत में

Gupta Lochan
1 Min Read

रायगढ़। बीजापुर जिले से सडक़ हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार सहायक शिक्षिका गीता पैंकरा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका रायगढ़ के लैलूंगा तहसील की रहने वाली थी। हादसा आईटीआई कॉलेज के पास हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
शिक्षिका गीता पैंकरा, जो कि रायगढ़ जिले के लैलूंगा तहसील की रहने वाली थीं, प्राथमिक शाला पेद्दापारा, तुमनार में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ थीं। वे स्कूटी से स्कूल से लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बीजापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है, वहीं ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article