चाकू की नोक पर 45 हजार की लूट

एक आटो चालक व दो कुलियों पर घटना का संदेह

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रवासी परिवार को ऑटो चालकों और कुलियों ने मिलकर लूट का शिकार बनाया। पीडि़त परिवार ने मदद की गुहार लगाते हुए सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीडि़त व्यक्ति के अनुसार, वह मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और रोजगार के लिए अपने परिचित के पास रायगढ़ आए थे। शुक्रवार को सुबह 11:10 बजे टीटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन से रायगढ़ स्टेशन पर उतरे। अधिक सामान होने के कारण, कुछ कुलियों ने उनसे संपर्क किया और ऑटो की व्यवस्था करने की बात कही। इसके बाद दो ऑटो किराए पर लिए गए और पीडि़त परिवार टूरी पारा, चांदमारी की ओर रवाना हुआ।
रास्ते में ऑटो चालकों ने पीडि़त को उनकी मंजिल के पास उतारकर कहा कि वे उन्हें रायगढ़ घुमाएंगे। लेकिन इसके बाद उन्हें एक सुनसान जगह, किसी नदी के पास ले जाया गया। वहां ऑटो चालकों और कुलियों ने मिलकर पीडि़त के हाथ-पैर पकड़े और 45,000 रुपये की मांग की। पैसे न देने पर चाकू निकालकर धमकी दी गई। डर के मारे पीडि़त ने अपनी जेब से 45,000 रुपये दे दिए, जिसके बाद लुटेरे वहां से फरार हो गए।
पीडि़त के अनुसार, एक ऑटो चालक ने अपने साथी को गलत काम करने से रोका, लेकिन वह भी मौके से भाग गया। इसके बाद पीडि़त भटकते हुए जीआरपीएफ थाने पहुंचा, जहां से उन्हें सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई।
सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ऑटो वालों की जांच आखिर कब…?
रायगढ़ में ऑटो चालकों की जाँच होनी चाहिए कि ओ कहा से है और उनका पुराना रिकार्ड क्या है कई चालक बिना ड्रेस एवं बैच के रहते है जिससे पहचान कर पाने में प्रार्थियों को होती है परेशानी

Share This Article