नमी का आगमन होते ही अधिकतम तापमान में आई गिरावट

सुबह से आसमान में बादल होने से बढ़ा उमस, अंधड के साथ बारिश होने की संभावना

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़. बंगाल की खाड़ी में मानसून सक्रिय होने व द्रोणिका का दबाव बढऩे से जिले में नमी का आगमन तेज हो गया है, जिसके चलते पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट तो आई, लेकिन उमस के चलते लोगों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में जब तक बारिश नहीं हो जाती, तब तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि विगत सप्ताहभर से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है, जिसके चलते बुधवार तक जिले का तापमान 40 से 41 डिग्री तक पहुंच रहा था, इससे लोग दोपहर के समय घरों से निकलने में परहेज कर रहे थे, लेकिन गुुरुवार को सुबह से जिले में नमी का आगमन बढ़ गया है, जिसके चलते पूरे दिन आसमान में घना बादल छाया रहा, साथ ही हल्की हवा भी चल रही थी, जिसके चलते अधिकतम तापमान में 37 डिग्री रहा, जिससे गर्मी से तो थोडी राहत मिली थी, लेकिन मौसम में उमस होने के कारण पूरे दिन लोग परेशान रहे, वहीं लोगो का कहना था कि धूप नहीं होने से काफी राहत है, लेकिन उमस के चलते न तो घर में ही चैन मिल रहा है, और न ही बाहर ऐसे में अब जब तक हल्की बारिश नहीं हो जाती तब तक परेशानी बनी रहेगी। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मतंडल् तक पूर्व मध्य अरब सागर, उत्तर कर्नाटक और गोवा तट तक स्थित है, इसका कम दबाव का क्षेत्र इसी स्थान पर बना है, इसके बाद अधिक प्रबल होकर अवदाब के रूप में अगले 24 घंटे में चक्रवात बनने की संभावना है। साथ ही एक पूर्व पश्चिम द्रोणिक पंजाब से पूर्वी बंग्लादेश तक हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम होते हुए 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके चलते प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन निम्न स्तर पर हो रहा है। जिससे शुक्रवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। साथ ही बिलासपुर संभाग के अलग-अलग जिले में अंधड के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
सक्रिय होने लगा मानसून
उल्लेखनीय है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर के कुछ भाग, मालदीव, कॉमरीन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग, उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग सक्रिय हो गया है। साथ ही दक्षिण पश्चिम मानसून के कुछ और भाग में सक्रिय होने के लिए अनुकूल परिस्थितियों बनी हुई है। जिसका असर अब रायगढ़ जिला में भी दिखाई देने लगा है। ऐसे में अगर इसी तरफ्तार से मानसून आगे बढ़ता रहा तो इस बार समय से मानसून आ सकता है। हालांकि फिलहाल बीच-बीच में द्रोणिक सक्रिय होने से जिले के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है, जिससे कभी गर्मी तो कभी राहत का अहसास होता है।
पूरे दिन उमस से लोग रहे परेशान
गुरुवार को सुबह से आसमान में घने बादल होने के कारण मौसम में उमस भरा हुआ था, लेकिन शाम होते ही हवा की गति बढऩे से थोड़ी राहत मिली, वहीं शाम के समय उमस से राहत पाने के लिए लोग शहर के गार्डन पहुंचे थे, जहां घंटो समय बीताने के बाद घर पहुंचे, इस दौरान लोगों का कहना था कि हवा चलने से बाहर में तो काफी राहत है, लेकिन घर के अंदर इतना उमस है कि कूलर तक काम नहीं कर रहा है, जिसके चलते काफी दिक्कत हुई है। ऐसे में अब जब तक अच्छी बारिश न हो जाए, तब तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

Share This Article