तेज आंधी से चलती कार पर गिरा पेड़

चालक की मौत, एक की हालत गंभीर- रांची रेफर

Gupta Lochan
2 Min Read

जशपुर। जिले में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे बतौली-चराईडांड मार्ग पर तेज आंधी के दौरान एक चलती कार पर भारी पेड़ गिर गया, जिससे कार चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान प्रदीप राम करमाली (40 वर्ष), निवासी रामगढ़ टोपा, झारखंड के रूप में हुई है। हादसे में घायल विवेक कुमार (23 वर्ष), निवासी जरही, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) और पप्पू कुमार मिस्त्री (27 वर्ष), निवासी रामगढ़ टोपा, झारखंड को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से विवेक की हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस से रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप करमाली अपने रिश्तेदारों के यहां शादी समारोह में शामिल होने सूरजपुर के जरही आए थे। वहां से लौटते वक्त उन्होंने विवेक को भी साथ लिया था,जिसे रांची में ड्रॉप करना था। कार जशपुर जिले से गुजर रही थी, तभी नारायणपुर क्षेत्र के महुआटोली के पास अचानक तेज आंधी आई और आम का पेड़ चलती कार पर गिर गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।कार के अंदर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नारायणपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घायलों की मदद के लिए समाजसेवी रवि गजेंद्र जैन,कुनकुरी थाने से एएसआई मनोजकुमार साहू, हेड कांस्टेबल रामानुजम पांडे बारिश में भींगते हुए आगे आए।

Share This Article