संजय कॉम्पलेक्स से एक महीने में 3 बाइक की चोरी

एक्टिवा चुराने वाले पर इनाम, पता बताने वाले को 21 हजार मिलेंगे

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। जहां संजय कॉम्पलेक्स से एक व्यवसायी का एक्टिवा चोरी होने के बाद जब उसका पता नहीं चला, तो व्यवसायी ने चोर का पता बताने वाले को 21 हजार रुपए इनाम में देने की घोषणा की है।
जनरल स्टोर के व्यवसायी भरत कछवाहा की दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक्टिवा चुराते चोर नजर आया है। जिसके बाद भरत ने अपनी एक्टिवा की खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चलने पर चोर का फोटो फेसबुक पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि जो भी इसको पकडक़र लाएगा उसे 21 हजार रुपए इनाम में दिया जाएगा।
सब्जी मार्केट समेत अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से चोर मौका पाकर बाइक पार कर रहे हैं। मार्च माह में संजय कॉम्पलेक्स में 3 बाइक चोरी हुई थी। इसमें एक बाइक टमाटर बेचने वाले, एक कुली और एक एक्टिवा वाहन जनरल स्टोर के व्यवसायी का था। कोतवाली थाने में मामला दर्ज है।
चोर आसानी से एक्टिवा ले गया
बताया जा रहा है कि घटना के बाद सीसीटीवी चेक किया गया, तब पता चला कि चोर मोबाइल पर इधर-उधर घूमते हुए एक्टिवा के पास पहुंचा। वह काले रंग का कपड़ा पहना हुआ था। एक्टिवा वाहन के ऊपर बैठा और बड़ी ही आसानी से एक्टिवा का ताला खोलकर उसे चलाते हुए ले गया।
बड़ी मुश्किल से खरीदा बाइक
टमाटर व्यवसायी रवि डनसेना ने बताया कि उसकी बाइक पहले चोरी हुई। बड़ी ही मुश्किल से बाइक को खरीदा था, लेकिन चोर ने उसे पार कर दिया। उसने बताया कि अब वह पैदल आना-जाना कर रहा है।

Share This Article