रायगढ़। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा-कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपनी-अपनी सूची लगभग जारी कर दी है, अगर कहीं पार्षद पद के प्रत्याशियों का नाम बचा है तो वह कांग्रेस में है। संभवत: कल मंगलवार दोपहर तक कांग्रेस पार्षद पद के उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। रायगढ़ नगर निगम की अगर बात करें तो तीसरे मोर्चे (आशीर्वाद पैनल) ने इंजीनियर सिरिल को अपना महापौर प्रत्याशी घोषित किया है, वहीं आम आदमी पार्टी से रुसेन कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है।
प्रदेश की सत्ता में काबिज़ भारतीय जनता पार्टी ने रविवार की दोपहर सभी नगर निगमों के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी, जिसके मुताबिक़ रायगढ़ से अपने ज़मीनी कार्यकर्ता जीवर्धन चौहान को प्रत्याशी घोषित किया गया है। टिकट का ऐलान होते ही भाजपा की तरफ़ से जीवर्धन के चायवाला होने की बात पूरे दमखम के साथ प्रचारित की जा रही है, ऐसा इसलिए क्योंकि बाजीरावपारा स्थित विश्वासगढ़ चर्च की दीवार से लगकर जीवर्धन की चाय पान मसाला कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान है। हालांकि इन सबके बीच सबसे बड़ी बात ये है कि जीवर्धन पूर्व पार्षद के अलावा संगठन के पदों पर काम करते हुए भाजपा का एक समर्पित कार्यकर्ता रहा है।
प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने भी रविवार की देर रात महापौर के अलावा नगर पालिका नगर पंचायत अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। रायगढ़ नगर निगम से श्रीमती जानकी अमृत काटजू को ही टिकट दी गई है, चूंकि महापौर रहते हुए जानकी काटजू का पूरे पांच साल जनता से सीधा संपर्क और संवाद रहा है, इसलिए उन्हें एक मज़बूत प्रत्याशी माना जा रहा है। हालांकि बिखराव और गुटबाज़ी के भंवर में फंसी रायगढ़ कांग्रेस जानकी काटजू के लिए कितना दम दिखा पाती है, ये तस्वीर तो आने वाले दिनों में ही साफ़ हो पायेगी।
वहीं इस बार आम आदमी पार्टी ने इंडिया सीएसआर के डायरेक्टर रूसेन कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है, इससे पहले रूसेन जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के जन संपर्क विभाग में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और भाजपा नेता सुनील रामदास अग्रवाल की ब्रांडिंग में सबसे बड़ा योगदान रहा है। अब अपनी कंपनी इंडिया सीएसआर के जरिए देश भर के कारपोरेट्स में रूसेन कुमार ने बड़ी पहचान बना ली है। इधर नगर निगम के चुनाव में पूर्व महापौर जेठूराम मनहर कांग्रेस भाजपा का समीकरण बिगाड़ पायेंगे, इस बात की चर्चा भी सरगर्मी के साथ हो चली है। ग़ौरतलब है कि जेठूराम मनहर ने कुछ माह पहले कांग्रेस से ख़ुद को अलग कर लिया था और तभी से उन्होंने अपनी मेयर चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी थी। रायगढ़ नगर निगम गठन के बाद जेठूराम मनहर कांग्रेस के पहले महापौर बने थे और उनका यह कार्यकाल पूरी तरह बेदाग़ रहा है, लिहाज़ा रायगढ़ की जनता के बीच जेठूराम मनहर एक भरोसेमंद जाना पहचाना नाम बन चुका है। जेठूराम मनहर ने अपना नामांकन पत्र खऱीद लिया था, संभावना है कि नामांकन दाख़िल भी करेंगे और चुनाव भी लड़ेंगे, ऐसे में बड़ा नुकसान कांग्रेस को होता हुआ दिखाई देगा। ख़बर है कि जेठूराम मनहर को अपने पाले में लाने के लिए भाजपा ने कोशिशें तेज़ कर दी हैं। बहरहाल, नामांकन दाख़िले और नाम वापसी के बाद ही असल तस्वीर साफ़ हो पायेगी, तब तक कय़ासों का दौर जारी ही रहने वाला है।
चाय बेचना जीवर्धन को टिकट मिलने का आधार बना
रायगढ़ भाजपा ने महापौर प्रत्याशी के लिए जीवर्धन चौहान का नाम तय यह बता दिया कि जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को वह अर्श से फर्श तक पहुंचा सकती है। जिस तरह चाय बेचने वाले ने देश का विकास किया है अब रायगढ़ में भी चाय बेचने वाला रायगढ़ के विकास के लिए समर्पित रहेगा। महापौर प्रत्याशी हेतु जीवर्धन का नाम तय कर भाजपा ने यह बता दिया कि 46 की उम्र में 25 साल तक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने वाले व्यक्ति किस तरह अर्श से फर्श तक पहुंचा सकती है। जीवर्धन का नाम तय होते ही यह बात स्पष्ट हो गई कि भाजपा के लिए तन मन धन से समर्पित होकर कार्य करने वाला व्यक्ति पार्टी के लिए सदा महत्व रखता है। कांग्रेस सदैव प्रधान मंत्री मोदी को चाय बेचने वाला बताकर उपहास उड़ाती रही है उसी चाय बेचने वाले की अदभुत कार्यशैली ने देश का नाम पूरे विश्व में स्थापित कर दिया। संगठन ने महापौर प्रत्याशी का चयन करने के दौरान बहुत से पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया। पार्टी के लिए ढाई दशक खपाने वाले जीवर्धन ने अपने आवेदन में यह बताया कि उसका जीवन यापन चाय बेचने से चलता है और चाय बेचते हुए जीवर्धन पार्टी का काम तन मन धन से समर्पित होकर करते रहे और परिवार का किसी तरह जीवन यापन करते रहे। संगठन ने इस बात को गंभीरता लिया एक चाय बेचने वाले को आम आदमी की तकलीफ अच्छे से मालूम होती है जीवन भर चाय बेचना ही जीवर्धन को टिकट मिलने का आधार भी बना। एक चाय बेचने वाला अब रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों में लेकर जाएगा।
वार्ड 19 से सुरेश गोयल ने जीती टिकट की जंग
उमेश, अयूब, अनिल, अनिता व नवधा को भाजपा ने बनाया प्रत्याशी
रायगढ़। बीते दिनों भाजपा ने 42 नामों की सूची जारी कर दी थी और सबसे हाई प्रोफाईल वाले 6 वार्डो के पार्षद प्रत्याशियों के नाम पर संशय के बादल घिरे हुए थे।
इसी क्रम में सोमवार को भाजपा ने दूसरी सूची जारी कर दी जिसमें वार्ड नं. 19 के लिये पूर्व सभापति सुरेश गोयल के नाम पर मुहर लग गई है वहीं जयंत ठेठवार के सुरक्षित गढ माने जाने वाले वार्ड नं. 12 से अनिल यादव गुरूजी को टिकट दी गई है। इसी तरह वार्ड नं. 17 से सलीम के गढ को भेदने के लिये भाजपा ने अयूब अली को टिकट दी है इसी तरह वार्ड नं. 3 से सेवा निवृत एसडीओ उमेश कुमार तिर्की, वार्ड क्रमांक 33 से अनिता सारथी व वार्ड नं. 37 श्रीमती नवधा परदेशी मिरी को प्रत्याशी घोषित किया गया है।