ट्रैक्टर के पलटने से ग्रामीण की मौत

ड्राइवर गंभीर रूप से घायल,जमरगीडीह के पास की घटना

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब ग्रामीण खेती का काम खत्म करके ट्रैक्टर में बैठकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गया। हादसे में एक ग्रामीण ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर ड्राइवर घायल हो गया। यह घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमरगी डीह का रहने वाला 39 वर्षीय घसिया राम राठिया अपने ट्रैक्टर ड्राइवर गुलाब राठिया के साथ खेती का काम करने गया था। दिनभर काम करने के बाद शाम को दोनों ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के तालाब के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ से उतर गया और पलट गया। हादसे में घसिया राम ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर ड्राइवर गुलाब राठिया की जान बच गई, लेकिन उसके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को हटाया गया और मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article