2 ट्रेलरों में भिड़ंत, जिंदा जला ड्राइवर

दूसरे ने कूद कर बचाई जान, मृतक की नहीं हुई शिनाख्त

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में 2 ट्रेलर की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर में आग लग गई और उसमें फंसे ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों वाहनों में कोयला लोड था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। यह हादसा तमनार थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ग्राम झिंकाबहाल के पास हुई। 2 ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। आग की लपटों में एक ड्राइवर फंस गया और वह बाहर नहीं निकल सका। वहीं दूसरे ट्रेलर का ड्राइवर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। हादसा होते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझाई गई।
दोनों वाहनों में लदा था कोयला
जानकारी के अनुसार, एक कोयला लदा ट्रेलर गारे 4/6 माइंस से डोंगामौआ की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर ओडिशा की ओर से किसी पावर प्लांट की तरफ जा रहा था। पुलिस ने मृतक चालक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया है। फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
आगे की जांच में जुटी पुलिस
तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि घटना की आग पर काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है। मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। दूसरा ड्राइवर मौके से भाग गया है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share This Article