स्कूटी से गांजा की तस्करी, ओडिशा से रायगढ़ पहुंचे 3 तस्कर गिरफ्तार

घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, 1.81 लाख का गांजा जब्त

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा से स्कूटी में दो बोरों में गांजा भरकर रायगढ़ ला रहे 3 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 18 किलो से ज्यादा गांजा और स्कूटी जब्त की गई है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को बुधवार को सूचना मिली थी कि, ओडिशा की ओर से नीले रंग की स्कूटी में तीन युवक गांजा लेकर रायगढ़ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और चक्रधर नगर थाना पुलिस ने ग्राम संबलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी कर जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर तीनों युवकों से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपनी पहचान विजय एक्का (34) निवासी नारायणपुर मुड़ापारा, हेमसागर यादव (43) निवासी लैलूंगा और परमेश्वर यादव (45) निवासी फरसाटोली, जिला जशपुर के रूप में बताई।

दो बोरों में मिला 18 किलो 100 ग्राम गांजा

तलाशी के दौरान हेमसागर यादव के कब्जे से दो बोरों में रखा 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 81 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा और स्कूटी जब्त कर ली। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नशे के कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध कारोबार पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Share This Article