सामान्य परिवार की बेटी अंजलि झा ने प्रावीण्य सूची में बनाया स्थान महेश साहू ने दी बधाई

अपनी लगन और मेहनत से किया मुकाम हासिल 12 वीं में हासिल किया प्रदेश में दसवां स्थान

Gupta Lochan
2 Min Read

खरसिया। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों में खरसिया विधानसभा क्षेत्र के एक छोटे से गांव सोडक़ा की छात्रा अंजलि झा ने अपनी सफलता से पूरे अंचल को गौरवान्वित किया है। प्रज्ञा स्कूल की छात्रा अंजलि ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में 10वां स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती।

ग्रामीण क्षेत्र में खुशी का माहौल

एक छोटे से गांव से निकलकर प्रदेश स्तर पर मेरिट में स्थान बनाना अंजलि की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। जैसे ही परिणामों की घोषणा हुई, सोडक़ा गांव सहित पूरे खरसिया क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई। विमल कुमार झा और श्रीमती सोनी झा की सुपुत्री अंजलि झा की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों और शिक्षकों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

महेश साहू ने दी शुभकामनाएं

अंजलि झा की इस अभूतपूर्व सफलता पर छाया विधायक खरसिया महेश साहू ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें मिठाई खिलाकर पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों का इस तरह प्रदेश स्तर पर चमकना क्षेत्र के बेहतर भविष्य का संकेत है। उन्होंने अंजलि के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह वाकई गौरवशाली क्षण है। ग्रामीण परिवेश की प्रतिभाएं जब प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाती हैं, तो वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन जाती हैं।

मेहनत और लगन की जीत

प्रज्ञा स्कूल की छात्रा अंजलि ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया की जेईई की तैयारी कर रही हैं उनका लक्ष्य ट्रिपल आईटी करते हुए साफ्टवेयर और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मुकाम हासिल कर देश की सेवा करना है स्कूल प्रबंधन ने भी अपनी छात्रा की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।

Share This Article