पुलिस ने एनएच-43 पर पकड़ा अवैध धान

झारखंड से छत्तीसगढ़ आ रहे ट्रक से 207 क्विंटल धान जब्त

Gupta Lochan
3 Min Read

जशपुरनगर। पुलिस ने छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान परिवहन पर नकेल कसने की अपनी मुहिम जारी रखी है। इसी क्रम में, थाना लोदाम क्षेत्र में झारखंड से छत्तीसगढ़ आ रहे अवैध धान से लदे एक ट्रक को पकड़ा गया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-43 पर ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी कर ट्रक क्रमांक यूपी-63 एटी-1735) को रोका। तलाशी के दौरान, ट्रक में 415 बोरियों में कुल 207 क्विंटल धान अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। जब्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 76 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 22 जनवरी को रात्रि करीबन 12.00 बजे थाना लोदाम पुलिस के पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ट्रक क्रमांक यूपी-63 एटी-1735 में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे कि झारखंड की ओर से जशपुर छत्तीसगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है, जिस पर लोदाम पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, तत्काल ग्राम भलमंडा के पास नेशनल हाइवे 43 में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान उक्त संदिग्ध ट्रक आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 415 बोरी में कुल 207 क्विंटल धान लोड मिला।पूछताछ पर ट्रक ड्राइवर ने अपना नाम वीरेंद्र शर्मा उम्र 58 वर्ष निवासी ग्राम धुर्वा, रांची झारखंड का रहने वाला बताया व बताया कि उक्त धान लोहरदगा झारखंड निवासी विक्की गुप्ता उम्र 32 वर्ष का है, जिसे वह लोहरदगा झारखंड से लेकर जशपुर छत्तीसगढ़ आ रहा था।पुलिस के द्वारा उससे धान से संबंधित दस्तावेजों की मांग करने पर उसके द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा उक्त धान के अवैध परिवहन के संदेह पर, ट्रक सहित उसमें लोड 415 बोरी में कुल 207 क्विंटल धान को पकड़ कर, कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है। पुलिस के द्वारा जप्त किए गए धान की कीमत लगभग 04 लाख 76 हजार रुपए है।
मामले की कार्यवाही व अवैध धान परिवहन करते ट्रक को धान सहित पकडऩे में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अवैध धान आमद को रोकने जशपुर पुलिस अत्यंत सक्रिय है, लोदाम क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करते एक ट्रक से 207 क्विंटल धान को पकड़ा गया है, अवैध धान परिवहन के विरुद्ध जशपुर पुलिस की कार्यवाही जारी रहेगी।

Share This Article