एनएचएम कर्मचारियों का विरोध जारी

तीसरे दिन शोषण प्रथा का किया पुतला दहन. स्वास्थ्य सेवाओं पर असर

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को कर्मचारियों ने शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में एकत्र होकर ‘एनएचएम शोषण प्रथा’ का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
हड़ताल पर गए कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से अपनी 10 प्रमुख मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया है। कर्मचारियों की यह अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर रही है।
एनएचएम कर्मचारियों का आरोप है कि उनके साथ लगातार शोषण हो रहा है, और सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन देने के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इसी के विरोध में उन्होंने ‘एनएचएम शोषण प्रथा बंद करो’ जैसे नारों के साथ पुतला दहन कर प्रदर्शन तेज किया।
टीकाकरण काम भी हो रहा प्रभावित
डॉ वैभव डियोडिया ने बताया कि हृ॥रू कर्मचारियों के आंदोलन से स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण अभियान के साथ यू-वीन पोर्टल का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 160 उप स्वास्थ्य केंद्र, लगभग 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इनमें से कई केंद्रों पर एनएचएम कर्मचारी प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। आंदोलन के चलते ये केंद्र या तो बंद पड़े हैं या सीमित सेवाएं ही दे पा रहे हैं, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं खासा प्रभावित हो रही हैं।

Share This Article