वो जिंदा बचा तो हमें नहीं छोड़ेगा, गिरफ्तारी के बाद वायरल हो रहा वीडियो

हत्यारे नहीं जानते थे जिसे मार रहे वो पूर्व विधायक का भाई है

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में कांग्रेस के पूर्व विधायक चक्रधर सिंह सिदार के भाई जयपाल सिंह सिदार की सुपारी देकर हत्या कर दी गई। सुपारी किलिंग के इस मामले में 3 आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। इसमें से दो आरोपी कॉलेज छात्र थे और वे नहीं जानते थे कि जिसे उन्होंने मारा है, वह पूर्व विधायक का भाई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे खुद घटना के बारे में बता रहे हैं। वीडियो में कॉलेज छात्र मदन गोपाल ने बताया कि हत्या हो चुकी है। शुभम ने जयपाल सिंह सिदार के गले में गमछा डाला था। मदन गोपाल सामने बैठा था और उसने जयपाल का हाथ पकड़ लिया।
तब शुभम गुप्ता ने कहा कि अगर उसने जयपाल का हाथ नहीं पकड़ा होता और जिंदा बच जाता, तो वो हम लोगों को छोड़ता नहीं। मदन ने कहा कि उसे यह पता नहीं था कि जयपाल पूर्व विधायक का भाई है। कमलेश यादव ने भी बताया कि उसे भी इसकी जानकारी नहीं थी।
एक दिन पहले शुभम उनके गांव आया था और सुबह उसने कहा कि काम से जाना है। इसके बाद शुभम ने ग्राम सचिव को फोनकर बुलाया। इसके बाद रास्ते में शुभम ने बताया कि उसे मारना है। कमलेश ने मना भी किया, लेकिन सभी मिलकर जयपाल सिंह की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अपने-अपने घर चले गए थे। एक बात यह भी सामने आई है कि हत्या के बाद कार से गांजा बेचकर रुपए कमाने की प्लानिंग थी। वीडियो में शुभम ने इस बात का जिक्र किया कि गांजे तस्करी का प्लान था और उन्हें कार की जरूरत थी। हालांकि, आरोपी के पास से कोई गांजा बरामद नहीं हुआ है और इस बात की कोई पुष्टि भी नहीं हुई है।
2022 में शिव साहू ने की थी हत्या
शिव साहू यह वही है जिसने पूर्व विधायक के भाई जयपाल सिंह सिदार को मारने के लिए सुपारी दी थी। यह खुद हत्या के मामले में जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। इसने साल 2022 के अप्रैल माह में सरिया थाना क्षेत्र के देवगांव के रहने वाले 45 साल के युवक की हत्या की थी। शिव साहू का मृतक की पत्नी के साथ अफेयर था और इसी मामले को लेकर उसने हत्या को अंजाम दिया था।

Share This Article