करंट लगने से थाना प्रभारी रामसाय पैंकरा का निधन

पुलिस विभाग में शोक की लहर

Gupta Lochan
2 Min Read

जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रामसाय पैंकरा का रविवार, 27 जुलाई 2025 को आकस्मिक निधन हो गया। वे अपने गृहग्राम सुरगांव (थाना सीतापुर, जिला सरगुजा) में विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामसाय पैंकरा हाल ही में चंदखुरी (रायपुर) में आयोजित सात दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कोर्स पूरा होने के बाद वे अपने गांव लौटे थे, जहाँ यह हादसा हुआ।
स्वर्गीय पैंकरा मूलत: सरगुजा जिले के सुरगांव के निवासी थे। उनका जन्म 2 जनवरी 1964 को हुआ था। उन्होंने 1 जून 1983 को मध्यप्रदेश के जिला खरगोन में आरक्षक के रूप में अपने पुलिस करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने क्रमश: 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में सहायक उप निरीक्षक, 2009 में उप निरीक्षक और 2014 में निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्राप्त की। फरवरी 2026 में वे सेवानिवृत्त होने वाले थे।
अपने तीन दशक से अधिक के पुलिस सेवा कार्यकाल में उन्होंने जशपुर जिले के फरसाबहार, बगीचा, दुलदुला और ट्रैफिक शाखा सहित विभिन्न थानों में कार्य किया था। वे अपने सहज, सौम्य और विनम्र स्वभाव के लिए जाने जाते थे। जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, रामसाय पैंकरा एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। हम सभी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस दुखद घटना ने पुलिस परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है। साथी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Share This Article