होंडा शो रूम चोरी का खुलासा

3.52 लाख रुपये व बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। शहर के शारदा होंडा शो रूम से 3.72 लाख की चोरी मामले में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गई रकम में से 3.52 लाख रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा सीडी डॉन बाइक जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी पंकज अग्रवाल निवासी चैतन्य नगर रायगढ़ ने विगत 14 जुलाई को जूटमिल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई की रात शारदा होंडा शोरूम में दिनभर की बिक्री की राशि 3,72,570 रुपये किसी अज्ञात चोर ने लॉकर समेत चोरी कर ली है। घटना की सूचना पर जूटमिल पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच लिया था।
इससे पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में जांच टीम ने शोरूम और आसपास सीसीटीवी कैमरे का सघन जांच किया गया। विवेचना के दौरान शोरूम के स्टाफ से पूछताछ किया जा रहा था जांच के दौरान शक एक कर्मचारी दिनेश साहू पर गया, जो घटना के बाद से न केवल ड्यूटी पर नहीं आया था, बल्कि उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। उसकी गतिविधियों पर नजर रखने मुखबिर तैनात किए गए। जिससे बुधवार को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम कोतरलिया में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ किया तो आरोपी दिनेश साहू पिता बलराम साहू (40 वर्ष) ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। साथ ही उसने बताया कि चोरी की रकम में से करीब 15 से 20 हजार रुपये खर्च कर चुका है जबकि शेष राशि लॉकर सहित अपने घर के बाड़ी में छिपाकर रखा था। पुलिस ने उसके मेमोरण्डम पर चोरी में प्रयुक्त हीरो होंडा सीडी डॉन बाइक (कीमत लगभग 30 हजार रुपये) तथा शेष नगदी 3,52,240 रुपये बरामद कर लिए हैं।

Share This Article