श्याम मंदिर चोरी मामले में पुलिस ने आम जन से मांगा सहयोग

जारी की आभूषणों की तस्वीरें

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। पिछले दिनों श्याम मंदिर में अज्ञात चोर ने 25 लाख से भी अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रायगढ़ पुलिस अलग-अलग टीम बनाकर एवं शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पतासाजी में जुटी है। रायगढ़ पुलिस ने श्याम बाबा के चोरी गए आभूषणों की तस्वीरें जारी करते हुए आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।
मिली जानकारी के मुताबिक 13-14 जुलाई की रात्रि संजय कॉम्पलेक्स स्थित श्री श्याम मंदिर में अज्ञात चोर द्वारा मंदिर का ताला तोडक़र श्री श्याम बाबा का सोने का मुकुट, कुण्डल, 4 नग छत्तर, गलपटिया तथा नगद राशि लगभग 2 लाख एवं कुल लगभग 25 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी पतासाजी की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ने चोरी गए धार्मिक आभूषणों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आम नागरिकों, सराफा व्यवसायियों एवं ज्वेलर्स से अपील की है कि कोई व्यक्ति उक्त चोरी के आभूषणों की बिक्री या गिरवी रखने हेतु संपर्क करता है, तो तत्काल इसकी सूचना सिटी कोतवाली (9479193209) या पुलिस कंट्रोल रूम (9479193299) को दें। रायगढ़ पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि आपकी एक सूचना, अपराधियों को पकड़वाने में अहम भूमिका निभा सकती है। साथ ही आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले का नाम व पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।

Share This Article