आईसीएआई ब्रांच ने यादगार ढंग से मनाया सीए दिवस

सामाजिक सरोकार और पारिवारिक एकता के साथ मनाया गया

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। सीआईआरसी ऑफ आईसीएआई की रायगढ़ ब्रांच ने 1 जुलाई 2025 को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे को बड़े उत्साह, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ मनाया। दिन की शुरुआत सुबह 8:30 बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम से हुई, जो शाखा परिसर में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने इस महान पेशे की विरासत को नमन करते हुए ईमानदारी, उत्कृष्टता और जनसेवा के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह कार्यक्रम सीए सुयोग शर्मा के कुशल संचालन में संपन्न हुआ। इसके बाद सुबह 9:30 से दोपहर 12:00 बजे तक संजीवनी हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के समस्त पदाधिकारी अध्यक्ष संतोष टिबरेवाल, उपाध्यक्ष दिनेश अग्रवाल सचिव संजय सोनी, कोषाध्यक्ष मानस बंसल, तेजस्वी नरेडी, वंश अग्रवाल राहुल अग्रवाल तथा कई सीए सदस्यों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
दोपहर के समय सभी सदस्यों और उनके परिवारजनों के लिए पारिवारिक पिकनिक का आयोजन चुंचुना मितान बाड़ी में किया गया, जिसमें लगभग सभी सदस्य अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। यह कार्यक्रम आनंद और मेलजोल से भरपूर रहा। पिकनिक का संपूर्ण संचालन सीए गुलशन अग्रवाल द्वारा किया गया। पिकनिक के दौरान ब्रांच द्वारा दो महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों में भी भाग लिया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ इस अभियान के तहत सदस्यों ने अपनी माताओं के नाम पर पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त किया। स्वच्छ भारत मिशन : राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सदस्यों ने पिकनिक स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में सीए सुनील अग्रवाल के इस पेशे में 25 वर्ष पूर्ण होने पर संस्था की तरफ से संस्था के अध्यक्ष ने मोमेंटो प्रदान के सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्था ने उन सदस्यों को भी सम्मानित किया जो पूरे जोश के साथ संस्था के कार्यों में अपना सहयोग प्रदान कर रहे है। सीए डे 2025 का यह आयोजन वास्तव में पेशेवर गौरव, सामाजिक सेवा, पर्यावरणीय चेतना और पारिवारिक एकता का सुंदर संगम था, जिसने इस जब दिन को ना सिर्फ यादगार बनाया बल्कि समाज और देश के लिए भी प्रेरणादायक बना दिया।

Share This Article