अंतत: अपहरण व मारपीट के आरोपी छह साल बाद गिरफ्तार

आरोपी कमलेश चौकी पंडरा में अपहरण, मारपीट व एस सी/एस टी प्रकरण दर्ज

Gupta Lochan
4 Min Read

जशपुरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश में जशपुर पुलिस के द्वारा पुराने प्रकरणों में लंबे समय से फरार आरोपियों की धर पकड़ हेतु विशेष अभियान ऑपरेशन अंकुश चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस के द्वारा, पुलिस की सक्रिय मुखबिर तंत्र व टेक्निकल टीम की मदद से लगातार फरार आरोपियों की पता साजी कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें कि पुलिस को सफलता भी मिल रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को अपहरण, मारपीट व एस सी/एस टी के मामले में वर्ष 2018 से फरार एक आरोपी कमलेश यादव को पकडऩे में सफलता मिली है। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 29.09.18 को चौकी पंडरापाठ क्षेत्रांतर्गत विशेष संरक्षित समाज के प्रार्थी संत कुमार, उम्र 23 वर्ष ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराया था, कि उसका एक लडक़ी से प्रेम सम्बन्ध था, दोनो आपसी सहमति से 05.08.18 को भाग कर, एक रिश्तेदार के यहां, गौरेला पेंड्रा मारवाही में रहे, फिर वहां से रांची झारखंड जाकर काम किए, फिर वहां से वापस 28.08.18 को चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत एक गांव में आकर रहने लगे, इसी दौरान दिनांक 29.09.2018 की शाम करीबन 05 बजे, लडक़ी का मामा शिव कुमार यादव, अपने अन्य साथियों के साथ आकर प्रार्थी को अपने समाज की लडक़ी को रखने की हिम्मत कैसे किए, कहते हुए, प्रार्थी से मारपीट कर, उसे जबरन रस्सी से बांधकर,पिकअप वाहन में ले जाकर, चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में ले गए, व उससे रात भर, गंदी गालियां देते हुए मारपीट किए थे, जिससे कि प्रार्थी की पूरे शरीर में गंभीर चोट आई थी। रिपोर्ट पर चौकी पंडरापाठ में अपहरण व मारपीट के लिए भा. द. वि. की धारा 365, 264, 506, 323, 342, 147, 148, 325, 367 व 3(1), 3(1)(द)(घ) एस सी/एस टी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। पुलिस के द्वारा विवेचना के दौरान मामले में संलिप्त 12 आरोपियों क्रमश: हरिशंकर यादव, शिवकुमार यादव, पुरन पादव, रामकरण यादव, रमेश यादव, नंदगोपाल यादव, सुभाष यादव, मुनी यादव, प्रबल यादव, कृष्णा यादव, खुसीहाल यादव, रामु यादव को दिनांक 31.01.2019 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
अपराध में शामिल एक आरोपी कमलेश यादव, घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस के द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी, कि दिनांक 29.06.25 को पुलिस को मुखबीर के जरिए सूचना मिली कि मामले का फरार आरोपी कमलेश यादव, ग्राम बाघिमा में आया हुआ है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, घेराबंदी कर, ग्राम बाघिमा से फरार आरोपी कमलेश यादव उम्र 23 वर्ष हिरासत में लिया गया है।आरोपी कमलेश यादव के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले की कार्यवाही व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में डीएसपी आजाक श्री भावेश कुमार समरथ, सहायक उप निरीक्षक मार्टिन खलखो, प्रधान आरक्षक जगदीश अघरिया, आरक्षक अरुण कुमार तिग्गा, महेश मालाकार व जशपुर पुलिस की साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत छह साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, पुलिस के द्वारा, और भी पुराने प्रकरणों में लंबे समय से फरार आरोपियों को चिन्हित कर पता साजी की जा रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा, ऑपरेशन अंकुश जारी रहेगा।

Share This Article